सोशल मीडिया पर रील बनाने का जुनून युवाओं में लगातार तेजी से बढ़ रहा है। ताजा मामला हरिद्वार से सामने आया है, जहां एक युवक ने गंगा नदी की तेज धारा में थर्माकोल के गद्दे पर लेटकर रील बनाई, जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।
हर दिन युवाओं की भीड़ जुट रही
तेज बहाव और गहराई को नजरअंदाज कर स्टंट के अंदाज में लगाई जा रही ये छलांगें बड़े हादसे का कारण बन रही हैं। स्थिति यह है कि कई युवक एक दूसरे को देखकर और सोशल मीडिया पर वीडियो बनाने के लिए जान जोखिम में डाल रहे हैं। गंगनहर के किनारे और पुलों पर हर दिन युवाओं की भीड़ जुट रही है। कोई मोबाइल से वीडियो बना रहा है तो कोई दोस्तों की तालियों के बीच ऊंचे पुल से पानी में कूद रहा है। कई बार पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा न लग पाने से युवक डूबने लगते हैं। लोगों का कहना है कि हर साल गर्मियों में ऐसे हादसे सामने आते हैं। कई परिवार अपने बच्चों को खो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद युवाओं में डर दिखाई नहीं देता।
गर्मी और स्टंट के चक्कर में अब तक कई घरों के बुझ चुके चिराग
केस 1 – पिरान कलियर के धनौरी क्षेत्र गंगनहर पर सोमवार को ग्राम कोटा मुरादनगर निवासी 21 वर्षीय बंसी, अपने चाचा के लड़कों मोहित और विक्की के साथ नहाने आया था। तीनों भाई नहर के किनारे मौजूद थे, इसी दौरान बंसी ने नहर में नहाने के लिए छलांग लगा दी। तैरना न आने के कारण बंसी गहरे पानी में समा गया।
केस 2 – फरवरी माह में रुड़की नगर निगम पुल के पास स्थित एक घाट पर अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए गंगनहर पर गया आईआईटी का छात्र गंगनहर में पैर फिसलने से डूबकर लापता हो गया था। जिसके बाद कई दिनों तक सर्च अभियान के बाद छात्र का शव झाल से बरामद हुआ।
केस 3 – 15 अप्रैल को अमन अपने तीन दोस्तों के लिए बरेली से पिरान कलियर जियारत के लिए आया था। इस दौरान वह दोस्तों के साथ गंगनहर पर नहाने के लिए गया तो उसका नहाते समय संतुलन बिगड़ गया और वह गंगनहर में डूबकर लापता हो गया था। केस 4 – 24 अप्रैल 2026 को 20 वर्षीय बॉबी निवासी सम्राट कॉलोनी भगवानपुर अपने साथियों के साथ पिरान कलियर घूमने गया था। वह साथियों के साथ गंगनहर में नहाने के लिए चला गया था। जहां उसके साथी नहाते हुए की वीडियों बना रहे थे। बॉबी नहाते-नहाते गहराई की ओर चला गया और अचानक डूबकर लापता हो गया था।