Haridwar News : ऑडियो और ब्लैकमेलिंग का मामला, उर्मिला सनावर के खिलाफ पुलिस ने कोर्ट से लिया गैर जमानती वारंट

अंकिता हत्याकांड से जुड़े चर्चित ऑडियो क्लिप और ब्लैकमेलिंग के मामलों में फंसी सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। हरिद्वार पुलिस ने अब मामले में सख्त रुख अपनाते हुए अभिनेत्री के खिलाफ अदालत से गैर जमानती वारंट हासिल कर लिया है। रानीपुर कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई के बाद ज्वालापुर पुलिस भी अपने स्तर से वारंट लेने की प्रक्रिया में जुट गई है।

RAIN WATER HARVESTING HD
गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने उर्मिला सनावर और निष्कासित पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का दावा है कि दोनों ही आरोपी लंबे समय से जांच से बच रहे हैं और नोटिस के बावजूद थाने में पेश नहीं हुए। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी किसी भी समय की जा सकती है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उर्मिला सनावर के खिलाफ दर्ज दो मुकदमे उस वायरल ऑडियो क्लिप से संबंधित हैं, जिसमें वह पूर्व विधायक सुरेश राठौर के साथ सह आरोपी है। इसके अलावा वर्ष 2025 में सुरेश राठौर की पुत्री ने रानीपुर कोतवाली में अभिनेत्री के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज कराया था। यही नहीं, एक अन्य ब्लैकमेलिंग प्रकरण में भी उर्मिला सनावर पुलिस को वांछित है।

पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को जांच में शामिल होने के लिए कई बार नोटिस भेजे गए थे, लेकिन न तो वे पुलिस के सामने पेश हुए और न ही उन्होंने जांच में सहयोग किया। इसके चलते पुलिस को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अब गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार 24 मार्च 2025 को पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की बेटी ने रानीपुर थाने में सहारनपुर निवासी अभिनेत्री उर्मिला सनावर और एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। आरोप लगाया गया था कि आपत्तिजनक फोटो वायरल कर ब्लैकमेल करने की साजिश रची गई।

पीड़िता का कहना है कि होली के दिन एक परिचित युवक राघव ने फोन कर शुभकामनाएं दी थीं। इसके कुछ समय बाद एक अनजान नंबर से उनके मोबाइल पर आपत्तिजनक तस्वीरें भेजी गईं, जिन्हें तुरंत डिलीट कर दिया गया।

जब उस नंबर को ट्रू कॉलर पर चेक किया गया तो उसमें राघव का नाम दिखाई दिया। आरोप है कि 21 मार्च को अभिनेत्री उर्मिला सनावर ने अपनी ओर से मैसेज कर बताया कि फोटो उसे राघव से मिली हैं। इसके बाद तस्वीरों के बदले रकम की मांग की गई। अगले दिन 22 मार्च को पीड़िता की मां के मोबाइल फोन पर उर्मिला सनावर ने वही तस्वीरें दोबारा भेजीं। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *