पुलिस ने इस मामले में पहले हत्या के प्रयास की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद 26 दिसंबर को एंजेल की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। इस पर पुलिस ने धाराओं को हत्या में तरमीम कर दिया था। घटना के कुछ दिनों बाद पुलिस ने इस मामले में दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों को तो गिरफ्तार कर लिया था। लेकिन हत्याकांड का मुख्य आरोपी यज्ञ राज अवस्थी पुलिस को चकमा देकर नेपाल भाग गया था।
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए पांच आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट भी दाखिल कर दी है। उधर, फरार आरोपी यज्ञ राज की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने ब्लू कॉर्नर नोटिस की प्रक्रिया शुरू की है। अब सीबीआई ने भारत पोल पोर्टल के माध्यम से इस मामले में तीन आपत्तियां भेजी हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, चूंकि इस मामले में छह लोगों को आरोपी बनाया गया है। ऐसे में यज्ञराज की हत्याकांड में व्यक्तिगत भूमिका कितनी थी, इसका उल्लेख करना जरूरी है। इसके अलावा उसकी मंशा के बारे में भी जानकारी मांगी गई है।