देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय के मुख्य सेवक सदन में आयोजित
मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में प्रदेशभर से चुने गए 140 छात्र-छात्राओं के साथ संवाद किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्तराखंड के विकास, शिक्षा, रोजगार और भविष्य को लेकर अपने विचार और सुझाव मुख्यमंत्री के सामने रखे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की ओर से सामने आए व्यावहारिक और उपयोगी सुझावों को सरकार की योजनाओं
और नीति निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में काम किया जाएगा।
उन्होंने युवाओं को राज्य के विकास में महत्वपूर्ण भागीदार बताते हुए उनकी सोच
और नवाचार को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।
10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को मिलेगा टैबलेट
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों के लिए टैबलेट योजना की घोषणा की।
उन्होंने बताया कि पात्र विद्यार्थियों के बैंक खातों में डीबीटी (Direct Benefit Transfer) के माध्यम से धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे वे टैबलेट खरीद सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बदलते दौर में शिक्षा को तकनीक से जोड़ना जरूरी है।
सरकार विद्यार्थियों को आधुनिक संसाधनों और डिजिटल माध्यमों से जोड़कर
शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने पर काम कर रही है।
2.67 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने दिए सुझाव
मुख्यमंत्री ने बताया कि युवा विद्यार्थी मंथन अभियान को प्रदेश के विद्यार्थियों से व्यापक प्रतिक्रिया मिली।
अभियान के तहत 2 लाख 67 हजार 744 विद्यार्थियों ने निबंध, विचार और सुझाव साझा किए।
इन सुझावों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क और आधारभूत ढांचा, वन एवं पर्यावरण, खेल, पलायन, स्वरोजगार
स्टार्टअप तथा ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे मुद्दे शामिल रहे।
अलग-अलग विषयों में विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित
कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर बेहतर विचार रखने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
शिक्षा एवं युवा अवसर के क्षेत्र में मयूह भंडारी और रवीना, पर्यावरण, वन एवं आपदा प्रतिरोधक क्षमता में शेरोन कपूर
स्वास्थ्य एवं जन सेवाओं में सतीश कुमार, पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन एवं रोजगार में माही बलाई को चुना गया।
इसी तरह सड़क, संपर्क एवं आधारभूत संरचना में श्रितिका रावत, प्रौद्योगिकी एवं सुशासन में प्रियांशु सजवाण
पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था में दृष्टि चौहान तथा महिला एवं बाल कल्याण विषय में अनुष्का नेगी विजेता रहीं।
AI और रोबोटिक्स जैसे कौशल से युवाओं को जोड़ने पर जोर
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि सरकार और युवाओं के बीच निरंतर संवाद जरूरी है।
उनके अनुसार प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच होने वाला इस तरह का वैचारिक
आदान-प्रदान नई सोच को बढ़ावा देने के साथ बेहतर नीतियां तैयार करने में मदद कर सकता है।
उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी तकनीक, नवाचार और नई सोच के साथ आगे बढ़ रही है।
युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स
डिजिटल तकनीक और बाजार की मांग के अनुरूप आधुनिक कौशल से जोड़ने की आवश्यकता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कमी नहीं है।
जरूरत उन्हें उचित अवसर, सही दिशा और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने की है।
रोजगार पाने के साथ रोजगार देने पर भी फोकस
धामी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य युवाओं को केवल नौकरी पाने के लिए तैयार करना नहीं है
बल्कि उन्हें उद्यमिता और स्वरोजगार की दिशा में भी आगे बढ़ाना है।
इसके लिए युवाओं को रोजगार सृजक बनाने पर जोर दिया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि पर्वतीय क्षेत्रों में आजीविका और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए औद्योगिक
तथा आर्थिक गतिविधियों को विस्तार दिया जा रहा है।
इससे पहाड़ों में युवाओं के लिए स्थानीय स्तर पर नए अवसर विकसित करने की दिशा में मदद मिलने की उम्मीद है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/dehradun-4-jan-seva-kendra-csc-centers-sealed/
![]()
