Champawat : 150 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत; तीन घायल

चंपावत: जिले के बनलेख क्षेत्र में मंगलवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। खटीमा से पिथौरागढ़ की ओर जा रही कार अचानक अनियंत्रित होकर करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के समय वाहन में चार लोग सवार थे। दुर्घटना में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर किया गया है।

हादसे की जानकारी मिलते ही चंपावत कोतवाली पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। पहाड़ी की खड़ी ढलान पर रेस्क्यू करना काफी चुनौतीपूर्ण था। पुलिस जवानों, एसडीआरएफ कर्मियों और स्थानीय लोगों ने मिलकर अभियान चलाया और काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे सभी लोगों को खाई से बाहर निकाला।

इसके बाद घायलों को 108 एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल चंपावत ले जाया गया। डॉक्टरों ने जांच के बाद एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों का इलाज जिला अस्पताल में चल रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी के लिए रेफर किया गया है।

डीएम ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

हादसे को गंभीरता से लेते हुए चंपावत के जिलाधिकारी मनीष कुमार ने दुर्घटना की मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश दिए हैं। एसडीएम चंपावत को जांच अधिकारी बनाया गया है। उन्हें हादसे के पीछे की वजह, परिस्थितियों और इससे जुड़े अन्य पहलुओं की विस्तृत जांच कर 15 दिनों के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया है।

जिलाधिकारी ने कहा कि दुर्घटना के कारणों की निष्पक्ष और तथ्यपरक जांच कर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

वाहन चालकों से सावधानी बरतने की अपील

चंपावत पुलिस ने पहाड़ी सड़कों पर वाहन चलाने वालों से अतिरिक्त सतर्कता बरतने की अपील की है। पुलिस के मुताबिक मोड़, ढलान और खराब मौसम के दौरान वाहन की रफ्तार नियंत्रित रखना बेहद जरूरी है। साथ ही वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और लापरवाही से बचने की अपील की गई है। किसी भी आपात स्थिति में 112 पर संपर्क कर पुलिस की मदद ली जा सकती है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *