Bageshwar News : सरयू नदी में 8 साल का राकेश तेज बहाव में बहा गया. घटना से इलाके में शोक की लहर

कपकोट क्षेत्र में सावन के पहले सोमवार की सुबह बेहद दुखद घटना घटी. शिवालय मंदिर के पास सरयू नदी के तेज बहाव में लाहुर गांव का आठ वर्षीय मासूम राकेश पुत्र नंदन सिंह बह गया. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सावन के पहले सोमवार के मौके पर मंदिर में जलाभिषेक और दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे थे. इसी दौरान बच्चा नदी के किनारे पहुंचा और अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गया. लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन उफनाई धारा में वह आंखों से ओझल हो गया. सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं. नदी में बच्चे की तलाश के लिए युद्ध स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया है.

थाना अध्यक्ष प्रताप सिंह नगरकोटी ने बताया कि, टीमें लगातार खोजबीन कर रही हैं.

उधर, घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्रीय विधायक सुरेश गड़िया भी मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया. उन्होंने अधिकारियों को अभियान में तेजी लाने और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. इधर, घटना के बाद से माता पिता और परिजन बेसुध हो गए हैं. क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है. लगातार हो रही बारिश के कारण सरयू नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है.

प्रशासन ने श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों से नदी किनारे जाने और किसी भी तरह का अनावश्यक जोखिम न उठाने की अपील की है. साथ ही खराब मौसम के दौरान बच्चों पर विशेष निगरानी रखने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.

फिलहाल पूरे कपकोट क्षेत्र में लोगों की निगाहें सर्च ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं और हर कोई मासूम राकेश के सुरक्षित मिलने की प्रार्थना कर रहा है. इधर, विभिन्न संगठनों ने घटना पर दुख जताया है. बागेश्वर ओर कपकोट क्षेत्र में लगातार बारिश के कारण सरयू और गोमती नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है. बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया है.

 

 

ये भी पढ़े :   https://uttarakhandhighlights.com/kanwar-mela-preparations-for-kanwar-mela-2026-starting-from-30th-july/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *