अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। अलग-अलग थानों में दर्ज मुकदमों में बार-बार नोटिस भेजे जाने के बावजूद पुलिस के सामने पेश न होने पर अब उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी गई है। बृहस्पतिवार को भी हरिद्वार पुलिस की दो अलग-अलग टीमों ने सहारनपुर पहुंचकर उर्मिला के आवास पर नोटिस चस्पा किए। तय समय में पेश न होने की स्थिति में गिरफ्तारी वारंट हासिल करने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
इस मामले को लेकर शिरोमणि गुरु रविदास विश्व महापीठ् के अध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार की ओर से बहादराबाद थाने में उर्मिला सनावर और सुरेश राठौर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच शुरू करते हुए उर्मिला को नोटिस भेजा था।
अब ज्वालापुर और झबरेड़ा थानों में दर्ज मामलों में भी नोटिस चस्पा किए जाने के बाद पुलिस का रुख और सख्त हो गया है। यदि उर्मिला सनावर दो दिन के भीतर पुलिस के सामने उपस्थित नहीं होती है तो कोर्ट से गिरफ्तारी वारंट जारी कराने की कार्रवाई की जाएगी।