ऋषिकेश: एम्स किच्छा में नौकरी लगवाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से कथित तौर
पर पैसे ऐंठने वाले एक फर्जी भर्ती गिरोह का खुलासा हुआ है।
एम्स ऋषिकेश के प्रशासन और सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन संदिग्ध आरोपियों को पकड़ा है।
इनके पास से एम्स सैटेलाइट सेंटर किच्छा के नाम से बनाए गए दो फर्जी नियुक्ति पत्र
और 2 लाख रुपये नकद बरामद किए गए।
गुप्त सूचना के बाद सुरक्षा टीम ने बनाया प्लान
एम्स प्रशासन को कुछ समय से शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ लोग निर्माणाधीन
एम्स किच्छा में नौकरी दिलाने का झांसा देकर युवाओं से बड़ी रकम की मांग कर रहे हैं।
मामले की जानकारी मिलने के बाद संस्थान के प्रशासन और सुरक्षा विभाग ने आरोपियों को पकड़ने के लिए योजना तैयार की।
इसी कार्रवाई के तहत एम्स सुरक्षा विभाग की इंटेलिजेंस टीम ने एक कर्मचारी को नौकरी की तलाश कर रहे
अभ्यर्थी के तौर पर आरोपियों से संपर्क करने के लिए भेजा। जानकारी के मुताबिक
आरोपी बैराज रोड पर एक क्रेटा कार में बैठकर अभ्यर्थियों से पैसों का लेन-देन कर रहे थे।
मामले में ठगी की पुष्टि होने के बाद सुरक्षा टीम ने मौके पर पहुंचकर तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।
नर्सिंग ऑफिसर और MTS के नाम पर बनाए थे फर्जी लेटर
तलाशी के दौरान टीम को दो ऐसे नियुक्ति पत्र मिले, जिन्हें एम्स सैटेलाइट सेंटर किच्छा के नाम से तैयार किया गया था।
इनमें एक पत्र नर्सिंग ऑफिसर और दूसरा मल्टीटास्किंग स्टाफ (MTS) पद के लिए था।
टीम ने आरोपियों के पास से अभ्यर्थियों से कथित तौर पर वसूले गए 2 लाख रुपये नकद भी बरामद किए।
किच्छा क्षेत्र के रहने वाले हैं आरोपी
एम्स ऋषिकेश के उप मुख्य सुरक्षा अधिकारी एवं सहायक कमांडेंट अनिल चंद्र के अनुसार
पूछताछ में आरोपियों के किच्छा क्षेत्र का निवासी होने की जानकारी सामने आई है।
सुरक्षा टीम ने तीनों आरोपियों को क्रेटा वाहन और बरामद फर्जी दस्तावेजों के साथ एम्स ऋषिकेश पुलिस चौकी को सौंप दिया है।
अब मामले में पुलिस की ओर से आगे की कार्रवाई की जा रही है।
एम्स ने युवाओं को किया सावधान
एम्स ऋषिकेश के पीआरओ डॉ. श्रीलोय मोहंती ने युवाओं से फर्जी भर्ती एजेंटों और बिचौलियों से सतर्क रहने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि एम्स ऋषिकेश और एम्स किच्छा में भर्ती प्रक्रिया निर्धारित नियमों और योग्यता के आधार पर की जाती है।
उन्होंने युवाओं से कहा कि भर्ती से संबंधित जानकारी के लिए केवल संस्थान के आधिकारिक माध्यमों पर भरोसा करें।
किसी व्यक्ति द्वारा नौकरी या नियुक्ति पत्र दिलाने के बदले पैसे मांगे जाने पर इसकी जानकारी तुरंत एम्स प्रशासन या पुलिस को दें।
एम्स प्रशासन के मुताबिक, भर्ती से जुड़ी आधिकारिक सूचनाएं संस्थान की वेबसाइट पर जारी की जाती हैं।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/karnaprayag-alaknanda-river-man-missing-search-operation/
![]()
