हरिद्वार: धर्मनगरी हरिद्वार में गणपति विसर्जन के दौरान बुधवार को दर्दनाक हादसा हो गया।
नगर कोतवाली क्षेत्र के लालजीवाला बस्ती के पास परिवार के साथ गणेश विसर्जन के लिए पहुंची
14 वर्षीय किशोरी गंगा के तेज बहाव में बहकर लापता हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची
और तलाश शुरू कर दी। गुरुवार शाम तक किशोरी का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
विसर्जन के दौरान गंगा में गिरी किशोरी
जानकारी के मुताबिक डोईवाला क्षेत्र की केशव बस्ती निवासी प्रीति (14) पुत्री राकेश कुमार
अपने परिवार के साथ गणपति विसर्जन के लिए लालजीवाला बस्ती के पास बड़ी गंगा नदी पहुंची थी। बु
धवार दोपहर करीब तीन बजे विसर्जन की प्रक्रिया के दौरान अचानक किशोरी गंगा में गिर गई।
गंगा का बहाव तेज होने के कारण वह पानी के साथ बह गई। बताया जा रहा है
कि बहाव के दौरान किशोरी गंगा के पानी के डायवर्जन के लिए बनाए गए रपटे में मौजूद आरसीसी ड्रेनेज पाइप के अंदर चली गई।
पाइपलाइन को तोड़कर भी तलाश
घटना की जानकारी मिलते ही जल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं
और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। बुधवार देर रात तक गंगा में संभावित स्थानों पर तलाश की गई, लेकिन किशोरी का पता नहीं चला।
गुरुवार सुबह एक बार फिर सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। रेस्क्यू टीमों ने गंगा के अलग-अलग संभावित स्थानों पर तलाशी अभियान चलाया।
किशोरी के पाइप के अंदर जाने की आशंका को देखते हुए मौके पर
जेसीबी बुलाकर पाइपलाइन को तोड़ा गया, ताकि उसके भीतर भी तलाश की जा सके।
मौके पर जुटी भीड़, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
किशोरी के लापता होने की खबर फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान भीड़ घटनास्थल पर मौजूद रही।
वहीं किशोरी के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
परिवार के लोग लगातार गंगा किनारे उम्मीद लगाए बैठे हैं और रेस्क्यू टीमों की कार्रवाई पर नजर बनाए हुए हैं।
SDRF और जल पुलिस का सर्च ऑपरेशन जारी
एसडीआरएफ के एसआई आशीष त्यागी ने बताया कि किशोरी के गंगा में बहने की सूचना मिलने के बाद टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची थी।
जल पुलिस और एसडीआरएफ की ओर से लगातार सर्च एवं रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि गंगा में संभावित स्थानों पर किशोरी की तलाश की जा रही है और रेस्क्यू टीम लगातार अभियान में जुटी हुई है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/haridwar-food-safety-department-400-samples-71-cases/
![]()
