हरिद्वार: बहादराबाद कोतवाली क्षेत्र में बाइक मैकेनिक हैप्पी की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग मिला है।
वारदात के बाद का एक CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें दो संदिग्ध युवक पैदल भागते दिखाई दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि दोनों हत्या के बाद कुछ दूरी पर खड़े अपने तीसरे साथी के पास पहुंचे और फिर बाइक से जंगल की ओर फरार हो गए।
हथियार लेकर भागते दिखे दो युवक
वायरल फुटेज में चेहरे ढके हुए दो युवक तेजी से एक दुकान के पास से निकलते नजर आ रहे हैं।
दोनों के हाथों में हथियार दिखाई दे रहे हैं। इनमें से एक युवक के कंधे पर बैग भी नजर आ रहा है।
फुटेज में दोनों युवक अंधेरे और खाली प्लॉट की तरफ जाते दिखाई देते हैं।
घटना के बाद कुछ स्थानीय लोगों ने बदमाशों का पीछा करने की कोशिश की
लेकिन हथियार होने के कारण वे उन्हें पकड़ नहीं सके।
बताया जा रहा है कि भागते समय बदमाशों ने लोगों को डराने के लिए हवाई फायरिंग भी की थी।
तीसरा आरोपी बाइक लेकर कर रहा था इंतजार
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद दोनों आरोपी पैदल एक निर्धारित स्थान की ओर गए थे।
वहां उनका तीसरा साथी बाइक लेकर पहले से मौजूद था।
दोनों आरोपियों के वहां पहुंचने के बाद तीनों बाइक से जंगल की ओर निकल गए।
पुलिस अब इस पूरे घटनाक्रम को जोड़ने के लिए आसपास के CCTV कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है।
जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी किस रास्ते से आए थे और वारदात के बाद किस दिशा में भागे।
साथ ही तीसरे आरोपी की पहचान और भूमिका को लेकर भी जांच की जा रही है।
दुकान में घुसकर मैकेनिक पर की थी फायरिंग
जानकारी के मुताबिक शान्तरशाह गांव निवासी हैप्पी शान्तरशाह मार्ग पर बाइक रिपेयरिंग की दुकान चलाता था।
सोमवार शाम दो युवक पैदल उसकी दुकान के पास पहुंचे।
बताया जा रहा है कि दोनों दुकान के अंदर घुसे और हैप्पी पर कई राउंड फायरिंग कर दी।
गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर गया। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे
लेकिन तब तक आरोपी हथियार लहराते हुए वहां से भाग चुके थे।
स्थानीय लोगों ने उनका पीछा किया, मगर आरोपी जंगल की तरफ निकलने में कामयाब रहे।
जिलेभर में पुलिस ने चलाया चेकिंग अभियान
घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की तलाश में जिलेभर में चेकिंग अभियान चलाया।
बॉर्डर क्षेत्रों के साथ-साथ प्रमुख मार्गों पर संदिग्ध वाहनों की जांच की गई।
आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की कई टीमें काम कर रही हैं।
इसके अलावा सीआईयू को भी जांच में लगाया गया है।
पुलिस आसपास के क्षेत्रों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी लगातार खंगाल रही है।
एसएसपी ने घटनास्थल का किया निरीक्षण
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने देर रात घटनास्थल का दौरा किया।
उन्होंने मृतक के परिजनों और ग्रामीणों से बातचीत कर घटना की जानकारी ली।
इसके बाद पुलिस अधिकारियों से अब तक हुई जांच की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की।
एसएसपी ने बताया कि हत्याकांड से जुड़े कुछ महत्वपूर्ण सुराग पुलिस के हाथ लगे हैं।
जांच प्रभावित न हो, इसलिए फिलहाल इनका खुलासा नहीं किया जा रहा है।
पुलिस टीमों को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है
और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/upnal-employees-minimum-wage-da-three-phases-2026/
![]()
