हैदराबाद: बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता शरत सक्सेना इन दिनों अपनी सेहत को लेकर चर्चा में हैं।
फिटनेस और अपनी दमदार शारीरिक छवि के लिए पहचाने जाने वाले अभिनेता की हाल ही में लंबर स्पाइन की सर्जरी हुई है।
करीब छह घंटे तक चली सर्जरी के बाद अब वह घर लौट चुके हैं और धीरे-धीरे रिकवरी कर रहे हैं।
अस्पताल से घर तक की तस्वीरें की शेयर
शरत सक्सेना ने 10 सितंबर को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कुछ तस्वीरें साझा कर अपनी सेहत की जानकारी दी।
पहली तस्वीर में वह अस्पताल के बेड पर नजर आ रहे हैं। इसके साथ उन्होंने सर्जरी पूरी होने की जानकारी दी।
इसके बाद की तस्वीर में अभिनेता अपने परिवार के साथ कार में घर जाते दिखाई दे रहे हैं।
उन्होंने इस फोटो के जरिए बताया कि अब वह घर लौट रहे हैं।
शरत ने अपनी पोस्ट में अपने खास अंदाज में मजाकिया तस्वीरें भी साझा कीं।
एक फोटो में वह हाथ में ड्रिंक का ग्लास लिए नजर आए,
जबकि दूसरी तस्वीर के जरिए उन्होंने अस्पताल में लगातार सूप पीने से परेशान होने की बात मजाकिया अंदाज में कही।

बोले- अब छड़ी की जरूरत नहीं
शेयर की गई आखिरी तस्वीर में शरत सक्सेना घर पर कुर्सी पर बैठे नजर आए।
उन्होंने बताया कि अब उन्हें चलने के लिए छड़ी का सहारा लेने की जरूरत नहीं है।
अभिनेता ने पोस्ट के कैप्शन में बताया कि उनकी 6 घंटे लंबी स्पाइन सर्जरी सफलतापूर्वक पूरी हुई।
उन्होंने अपने आत्मविश्वास भरे अंदाज में लिखा कि मजबूत इरादों वाले इंसान को कोई रोक नहीं सकता।
सर्जरी से पहले कराया था MRI
इससे पहले शरत सक्सेना ने अपनी स्पाइन की MRI से जुड़ी तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर पोस्ट की थीं।
उन्होंने बताया था कि बॉम्बे हॉस्पिटल में लंबर स्पाइन सर्जरी से पहले उनका स्टैंडिंग MRI किया गया था।
इस पोस्ट के सामने आने के बाद उनके फैंस उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो गए थे।
अब सर्जरी के बाद अभिनेता की तस्वीरें देखकर उनके प्रशंसकों ने राहत की सांस ली है।
70 के दशक से फिल्मों में सक्रिय हैं शरत सक्सेना
शरत सक्सेना हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के लंबे समय से सक्रिय कलाकारों में शामिल हैं।
उन्होंने 1970 के दशक की शुरुआत में फिल्मों में काम करना शुरू किया था।
अपने करियर में उन्होंने कई फिल्मों में विलेन और सपोर्टिंग किरदार निभाए।
उनकी चर्चित फिल्मों में ‘मिस्टर इंडिया’, ‘त्रिदेव’, ‘घायल’, ‘खिलाड़ी’, ‘गुप्त: द हिडन ट्रुथ’, ‘सोल्जर’, ‘गुलाम’, ‘बादशाह’, ‘फना’, ‘बागवान’ और ‘कृष’ जैसी फिल्में शामिल हैं।
हिंदी फिल्मों के अलावा शरत सक्सेना ने तेलुगु, तमिल और मलयालम सिनेमा में भी काम किया है।
हाल के वर्षों में भी वह फिल्मों में सक्रिय रहे हैं। उनका हालिया अभिनय चिरंजीवी की फिल्म ‘माना शंकर वर प्रसाद गारू’ में देखने को मिला।
![]()
