देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन को चुनावी मोड में लाने और रणनीति को मजबूत करने के लिए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 9 और 10 सितंबर को उत्तराखंड के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति, प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की अहम बैठकों में हिस्सा लेंगे।
राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे के दौरान पार्टी की चुनावी तैयारियों के साथ-साथ संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा नितिन नवीन पूर्व सैनिक सम्मेलन और सिख गौरव सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
हल्द्वानी में होगी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के मुताबिक, 9 सितंबर को हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति की बैठक प्रस्तावित है। नितिन नवीन हल्द्वानी पहुंचकर रामपुर रोड स्थित एक होटल में होने वाली बैठक में शामिल होंगे और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को चुनावी दिशा में मार्गदर्शन देंगे।
प्रदेश कार्यसमिति की बैठक के बाद उसी दिन प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक भी आयोजित की जाएगी। इसमें संगठन के आगामी कार्यक्रमों, विधानसभा चुनाव की तैयारियों और जमीनी स्तर पर पार्टी की गतिविधियों को और प्रभावी बनाने को लेकर मंथन होगा।
भाजपा नेतृत्व का फोकस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने पर रहेगा।
कोर कमेटी में बनेगी चुनावी रणनीति
10 सितंबर को नितिन नवीन के कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण बैठकों का दौर जारी रहेगा। वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर प्रस्तावित सेवा संकल्प अभियान से संबंधित बैठक में हिस्सा लेंगे। इसके बाद प्रदेश कोर कमेटी की बैठक होगी।
कोर कमेटी की बैठक में उत्तराखंड की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों, सरकार के कामकाज और 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर चर्चा होने की संभावना है। राष्ट्रीय अध्यक्ष की मौजूदगी में होने वाली इस बैठक को पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
पूर्व सैनिक और सिख गौरव सम्मेलन में करेंगे शिरकत
संगठनात्मक बैठकों के अलावा नितिन नवीन सामाजिक संपर्क से जुड़े कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। 10 सितंबर को वह पूर्व सैनिक सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद सिख गौरव सम्मेलन में पहुंचकर सिख समुदाय के लोगों से संवाद करेंगे।
भाजपा की कोशिश इन कार्यक्रमों के जरिए अलग-अलग सामाजिक वर्गों के साथ संपर्क को और मजबूत करने की भी है।
भाजपा का लक्ष्य 2027 में लगातार तीसरी जीत
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि पार्टी का मुख्य लक्ष्य 2027 के विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करना है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन संगठन के लिए महत्वपूर्ण है और उनके अनुभव से चुनावी रणनीति को मजबूती मिलेगी।
भट्ट के मुताबिक, भाजपा डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के साथ संगठनात्मक स्तर पर भी चुनाव की तैयारियों को आगे बढ़ा रही है। लगातार बैठकों और कार्यक्रमों के जरिए रणनीति को अंतिम रूप देने का प्रयास किया जा रहा है।
नितिन नवीन का उत्तराखंड में दूसरा दौरा
महेंद्र भट्ट ने बताया कि भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का उत्तराखंड में यह दूसरा दौरा होगा। इससे पहले वह गढ़वाल संवाद कार्यक्रम के सिलसिले में राज्य का दौरा कर चुके हैं।
इस बार उनके कार्यक्रम का प्रमुख केंद्र कुमाऊं क्षेत्र रहेगा। हल्द्वानी में प्रदेश कार्यसमिति और कोर कमेटी की बैठकों के साथ पूर्व सैनिकों और सिख समुदाय से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
ऐसे में नितिन नवीन का यह दौरा भाजपा के लिए सिर्फ संगठनात्मक बैठक तक सीमित नहीं माना जा रहा है। पार्टी इसे 2027 विधानसभा चुनाव की रणनीति को धार देने और विभिन्न सामाजिक वर्गों तक पहुंच बढ़ाने के महत्वपूर्ण अवसर के तौर पर देख रही है।
ये भी पढ़ें- https://uttarakhandhighlights.com/uttarakhand-mind-with-devotion-and-joy/
