हरिद्वार: हरिद्वार में एक निर्माणाधीन फाइव स्टार होटल के लिए मंगाए गए मार्बल के पत्थर उतारने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। राजस्थान से लाई गई पत्थरों से भरी गाड़ी खाली करते समय अचानक मार्बल का ढेर खिसक गया, जिसकी चपेट में आने से एक मजदूर और ठेकेदार गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद एम्स ऋषिकेश रेफर किया गया है।
पत्थरों के नीचे दबे मजदूर को बचाने पहुंचा ठेकेदार
जानकारी के मुताबिक, पीलीभीत हाउस होटल के निर्माण कार्य के लिए राजस्थान से मार्बल और टाइल्स से लदा वाहन हरिद्वार पहुंचा था। रात के समय मजदूर वाहन से पत्थर उतार रहे थे। इसी दौरान अचानक पत्थरों का ढेर खिसक गया और वहां काम कर रहे करीब 30 वर्षीय मजदूर करण इसकी चपेट में आकर दब गया।
मजदूर को पत्थरों के नीचे फंसा देखकर ठेकेदार इमरान उसे बचाने के लिए आगे बढ़ा, लेकिन इसी दौरान वह भी खिसकते पत्थरों की चपेट में आ गया। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।
पुलिस और दमकल टीम ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर दोनों को पत्थरों के बीच से निकालने के लिए रेस्क्यू अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकाला गया और हरिद्वार जिला अस्पताल पहुंचाया गया।
चिकित्सकों के अनुसार, दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। बताया गया है कि हादसे में उनके हाथ-पैर में फ्रैक्चर हुआ है। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद होटल प्रबंधन पर उठे सवाल
घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखने को मिली। लोगों का आरोप है कि हादसे के दौरान आसपास के लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे, लेकिन होटल की ओर से कोई अधिकारी या कर्मचारी तत्काल बाहर नहीं आया। स्थानीय लोगों की मदद और पुलिस-दमकल विभाग की टीम के प्रयास से घायलों को बाहर निकाला गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घायल मजदूर की पहचान करण (30), पुत्र ओमप्रकाश, निवासी भरतपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। वहीं ठेकेदार की पहचान इमरान (45), पुत्र मोहम्मद इकबाल, निवासी विष्णु लोक कॉलोनी, बीएचईएल सेक्टर-1, हरिद्वार के रूप में बताई गई है।
नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाया जा रहा है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/roorkee-story-of-murder-of-two-real-sisters/
