Uttarkashi : यमुना के तेज बहाव में फंसा मजदूर, SDRF ने चट्टान से किया सुरक्षित रेस्क्यू

उत्तरकाशी: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण नदियों और बरसाती नालों का जलस्तर बढ़ा हुआ है। प्रशासन और पुलिस की ओर से लोगों को नदी-नालों से दूर रहने की लगातार अपील की जा रही है। इसके बावजूद उत्तरकाशी में एक मजदूर यमुना नदी के तेज बहाव में फंस गया। SDRF की टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर उसका सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया।

घटना यमुनोत्री मार्ग पर खरादी क्षेत्र की बताई जा रही है। स्थानीय लोगों ने बड़कोट पुलिस को सूचना दी कि यमुना नदी के बीच तेज बहाव में एक व्यक्ति फंसा हुआ है। सूचना मिलते ही सब इंस्पेक्टर आशुतोष चौहान के नेतृत्व में SDRF की टीम जरूरी रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई।

मौके पर पहुंचने पर रेस्क्यू टीम ने देखा कि एक युवक नदी के बीच चट्टान पर फंसा हुआ है और उसके चारों ओर पानी का बहाव काफी तेज है। पूछताछ में युवक की पहचान सुजीत यादव, निवासी पुरंदरपुर, थाना नौतन, जिला बेतिया, बिहार के रूप में हुई। वह उत्तरकाशी में मजदूरी करता है।

बताया गया कि सुजीत यमुना नदी में नहाने गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में बहने लगा। किसी तरह उसने नदी के बीच मौजूद एक चट्टान को पकड़ लिया और अपनी जान बचाने के लिए उसके ऊपर चढ़ गया। इसी बीच स्थानीय लोगों की नजर उस पर पड़ी और उन्होंने तुरंत SDRF को सूचना दी।

सूचना मिलते ही SDRF जवानों ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। टीम ने सावधानीपूर्वक कार्रवाई करते हुए युवक को तेज बहाव के बीच से बाहर निकाला और सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। रेस्क्यू के बाद युवक को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।

भारी बारिश से उत्तराखंड में हालात चुनौतीपूर्ण

उत्तराखंड में इन दिनों बारिश का दौर जारी है। लगातार वर्षा के कारण कई नदियां उफान पर हैं, जबकि पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं भी सामने आ रही हैं। कई संपर्क मार्ग बाधित होने से लोगों को लंबा रास्ता तय करना पड़ रहा है।

भूस्खलन के कारण कुछ स्थानों पर मकानों को भी नुकसान पहुंचा है, जबकि कई घरों पर खतरा मंडरा रहा है। मौसम विभाग की ओर से लगातार मौसम संबंधी चेतावनियां जारी की जा रही हैं। प्रशासन और आपदा राहत-बचाव दलों को भी संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्क रखा गया है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि भारी बारिश के दौरान नदी, नालों और अन्य जलस्रोतों के पास जाने से बचें और मौसम विभाग तथा स्थानीय प्रशासन की एडवाइजरी का पालन करें।

 

ये भी पढ़ें: https://uttarakhandhighlights.com/uttarakhand-sir-%e0%a4%95%e0%a5%8b-%e0%a4%b2%e0%a5%87%e0%a4%95%e0%a4%b0-bjp-%e0%a4%95%e0%a4%be%e0%a4%82%e0%a4%97%e0%a5%8d%e0%a4%b0%e0%a5%87%e0%a4%b8-%e0%a4%86%e0%a4%ae%e0%a4%a8%e0%a5%87-%e0%a4%b8/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *