डोईवाला: देहरादून के मणिमाई मंदिर के पास बुधवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में उपचार के लिए भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, हरिद्वार-देहरादून हाईवे पर एक पिकअप वाहन मणिमाई मंदिर के समीप जा रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पिछला पहिया निकल गया, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया। तभी पीछे से तेज गति से आ रही इको कार पिकअप से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि इको कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे के समय इको कार में कुल सात लोग सवार थे। वाहन में आगे बैठे नरेश (42), पुत्र महावीर, निवासी रोहतक, हरियाणा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। अन्य छह यात्रियों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस और 108 एंबुलेंस की मदद से घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया गया।
पुलिस के अनुसार, तीन गंभीर घायलों को सीएचसी डोईवाला ले जाया गया, जबकि दो घायलों को हिमालयन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। वहीं चार लोगों को देहरादून के कैलाश अस्पताल में उपचार के लिए भेजे जाने की जानकारी दी गई है। घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
दुर्घटना के बाद हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की सहायता से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका।
पुलिस के मुताबिक, हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया। मामले में मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और पूरे घटनाक्रम की जांच में जुटी है। एसआई कोतवाली नारायण व्यास ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
