देहरादून/ऋषिकेश: उत्तराखंड में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच नदियों और नालों का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। ऋषिकेश क्षेत्र में उफान पर बह रही बीन नदी में एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के बाद वाहन में दो लोग फंस गए। सूचना मिलते ही SDRF की टीम मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। रेस्क्यू के बाद दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
उफनती नदी में पलटा वाहन
पुलिस चौकी पशुलोक बैराज से रात करीब 9:22 बजे SDRF को सूचना मिली कि बीन नदी में एक मैक्स वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया है और उसमें लोग फंसे हुए हैं। सूचना मिलते ही ढालवाला पोस्ट से अपर उप निरीक्षक महावीर चौहान के नेतृत्व में SDRF की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई।
मौके पर पहुंचते ही जवानों ने राहत एवं बचाव अभियान शुरू कर दिया। कड़ी मशक्कत के बाद टीम ने वाहन में फंसे एक व्यक्ति को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, लेकिन दूसरा व्यक्ति अभी भी वाहन के अंदर फंसा हुआ था।
तेज बहाव ने बढ़ाई रेस्क्यू की चुनौती
लगातार बारिश के कारण बीन नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था और पानी तेज गति से बह रहा था। इसी दौरान नदी का बहाव वाहन को अपनी जगह से खिसकाकर कुछ दूरी तक बहा ले गया। इससे रेस्क्यू ऑपरेशन और चुनौतीपूर्ण हो गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए SDRF की अतिरिक्त टीम को भी मौके पर बुलाया गया। निरीक्षक कविंद्र सजवाण के नेतृत्व में दूसरी टीम घटनास्थल पर पहुंची और पहली टीम के साथ मिलकर रेस्क्यू अभियान आगे बढ़ाया।
कठिन और जोखिम भरी परिस्थितियों के बीच SDRF जवानों ने वाहन तक पहुंच बनाई और उसमें फंसे दूसरे व्यक्ति को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया। करीब एक घंटे चले अभियान के बाद दोनों लोगों की जान बचा ली गई।
हरिद्वार से ऋषिकेश आ रहा था मैक्स वाहन
SDRF इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण के अनुसार, मैक्स वाहन हरिद्वार की ओर से ऋषिकेश आ रहा था। चालक ने उफनती बीन नदी में वाहन उतार दिया, जिसके बाद तेज बहाव की चपेट में आकर वाहन पलट गया। SDRF की त्वरित कार्रवाई से वाहन में फंसे दोनों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला जा सका।
रेस्क्यू के बाद दोनों व्यक्तियों को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया। रात के अंधेरे, तेज नदी के बहाव और खिसकते वाहन के बीच SDRF की दोनों टीमों ने आपसी समन्वय के साथ अभियान पूरा किया और एक बड़ा हादसा टल गया।
बारिश को लेकर अलर्ट, सावधानी बरतने की अपील
उत्तराखंड में बारिश का दौर लगातार जारी है। भारी बारिश के कारण कई नदी-नाले उफान पर हैं। मौसम विभाग ने देहरादून समेत कई क्षेत्रों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है।
ऐसे में लोगों से अपील की जा रही है कि तेज बहाव वाली नदियों, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। विशेष रूप से बारिश के दौरान नदी पार करने या उफनती नदी में वाहन उतारने जैसी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।
