हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सड़क पर हुड़दंग कर राहगीरों को डराने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। दो नहरिया रोड पर हुई इस घटना में पुलिस ने वीडियो में नजर आ रहे चार युवकों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को संरक्षण में लेने के बाद काउंसलिंग कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलों को भी सीज कर दिया है। कार्रवाई एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर की गई।
वायरल वीडियो के बाद हरकत में आई पुलिस
जानकारी के मुताबिक, 14 अगस्त की शाम दो नहरिया रोड पर दो मोटरसाइकिलों से पहुंचे कुछ युवकों ने सड़क पर कथित तौर पर हुड़दंग किया। वायरल वीडियो में युवक हाथों में बेल्ट लहराते हुए राहगीरों को डराते दिखाई दे रहे थे।
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और हल्द्वानी कोतवाली पुलिस को युवकों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटाकर वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान की गई और चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
दो नाबालिग भी मिले
जांच के दौरान दो नाबालिगों की भूमिका भी सामने आई। पुलिस ने दोनों को संरक्षण में लेकर उनकी काउंसलिंग की और बाद में आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में से एक युवक शराब के नशे में मिला। उसके खिलाफ शराब के नशे में वाहन चलाने और सार्वजनिक स्थान पर हुड़दंग करने के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
दोनों बाइक सीज
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलों को अपने कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लैटिना बाइक थी, जिसके संबंध में वैध दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं किए गए।
दूसरी मोटरसाइकिल रॉयल एनफील्ड बताई गई है, जिसका पंजीकरण नंबर UK04AS-4102 बताया गया है।
सोशल मीडिया वीडियो पर पुलिस की नजर
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सड़क पर दबंगई दिखाने, राहगीरों को डराने या सार्वजनिक शांति भंग करने वाले किसी भी कृत्य को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो, जिनसे कानून-व्यवस्था और सार्वजनिक शांति प्रभावित होती है, उनका संज्ञान लेकर पुलिस तत्काल कार्रवाई करेगी।
