Roorkee News : डाक कांवड़ के दौरान चलती बाइक में लगी आग, साइलेंसर उतारना पड़ा भारी; बाल-बाल बचा कांवड़िया

रुड़की: हरिद्वार जिले के रुड़की में डाक कांवड़ यात्रा के दौरान बड़ा हादसा होने से टल गया। दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर नगला इमरती गांव स्थित सागर रत्ना होटल के पास देर रात एक कांवड़िए की चलती बाइक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते बाइक आग का गोला बन गई और पूरी तरह जलकर खाक हो गई। गनीमत रही कि बाइक सवार कांवड़िया समय रहते सुरक्षित उतर गया और हादसे में किसी तरह की जनहानि नहीं हुई।

बताया जा रहा है कि बाइक सवार शिवभक्त हरिद्वार से गंगाजल लेकर डाक कांवड़ के जरिए लौट रहा था। इसी दौरान बाइक में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरी बाइक धू-धू कर जलने लगी। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।

साइलेंसर उतारना बना आग की वजह

पुलिस के मुताबिक, बाइक का साइलेंसर उतारे जाने के कारण आग लगने की आशंका है। डाक कांवड़ के दौरान बड़ी संख्या में दोपहिया और चौपहिया वाहन दिल्ली-हरिद्वार हाईवे पर तेज गति से दौड़ रहे हैं। कुछ कांवड़ियों ने अपने वाहनों से साइलेंसर तक उतार रखे हैं, जिससे वाहन में आग लगने का खतरा बढ़ जाता है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि बाइक सवार शिवभक्त पूरी तरह सुरक्षित है और घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह बाइक से साइलेंसर उतारे जाने की वजह से प्रतीत हो रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी वाहन को साइलेंसर हटाकर नहीं चलाना चाहिए। पुलिस और प्रशासन की ओर से लगातार इस संबंध में लोगों से अपील की जाती है।

आग लगने से हाईवे पर मची अफरा-तफरी

बाइक में आग लगने के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात भी प्रभावित हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से जली हुई बाइक को सड़क किनारे हटाया गया। इसके बाद हाईवे पर यातायात सुचारु कराया गया।

फिलहाल डाक कांवड़ अपने चरम पर है और हरिद्वार से बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर लौट रहे हैं। इनमें बड़ी संख्या बाइक सवार कांवड़ियों की है। ऐसे में पुलिस और प्रशासन लगातार कांवड़ियों से वाहनों में किसी तरह का अनधिकृत बदलाव न करने और सुरक्षित तरीके से यात्रा करने की अपील कर रहा है।

पढ़ें : https://uttarakhandhighlights.com/rudraprayag-street-dog-terror-bit-24-people-and-injured-children-and-women-panic-among-women/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *