‘Spider-Man: Brand New Day’ :ने रचा इतिहास, भारत में 500 करोड़ क्लब में पहुंचने वाली पहली हॉलीवुड फिल्म

टॉम हॉलैंड स्टारर सुपरहीरो फिल्म ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल करते हुए नया रिकॉर्ड बना दिया है। फिल्म ने रिलीज के महज 11 दिनों में भारत में 500 करोड़ रुपये से ज्यादा का कलेक्शन कर लिया है और इसी के साथ यह देश में सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉलीवुड फिल्म बन गई है।

30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज हुई इस फिल्म ने शुरुआत से ही बॉक्स ऑफिस पर शानदार रफ्तार बनाए रखी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म ने सिर्फ दो दिनों में 100 करोड़, तीन दिनों में 200 करोड़ और आठ दिनों में 400 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया था। दूसरे वीकेंड में करीब 100 करोड़ रुपये की अतिरिक्त कमाई के साथ फिल्म 500 करोड़ के क्लब में शामिल हो गई।

‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर’ का रिकॉर्ड टूटा

500 करोड़ का आंकड़ा पार करते ही ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने जेम्स कैमरून की फिल्म ‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर’ को पीछे छोड़ दिया है। ‘अवतार: द वे ऑफ वॉटर’ ने भारत में करीब 483 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया था।

वहीं, ‘एवेंजर्स: एंडगेम’ करीब 438 करोड़ रुपये के कलेक्शन के साथ तीसरे स्थान पर है। इसके बाद ‘एवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर’ का नंबर आता है, जिसने भारत में 291 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई की थी।

इस उपलब्धि के साथ ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ भारत में 500 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करने वाली पहली हॉलीवुड फिल्म बन गई है।

दुनियाभर में भी शानदार प्रदर्शन

भारत के अलावा फिल्म का प्रदर्शन दुनियाभर के बॉक्स ऑफिस पर भी मजबूत बना हुआ है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1.67 बिलियन डॉलर तक पहुंच चुका है। इसमें विदेशी बाजारों से करीब 1 बिलियन डॉलर और अमेरिकी बाजार से लगभग 655 मिलियन डॉलर की कमाई शामिल है।

फिल्म की लगातार मजबूत कमाई को देखते हुए इसके आगे भी शानदार प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई जा रही है। हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ समेत कई भाषाओं में रिलीज हुई यह फिल्म भारतीय दर्शकों के बीच भी जबरदस्त लोकप्रियता हासिल कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *