Pauri News : गंगा में बहा छोटा भाई, बड़े भाई की चीख-‘5 लाख ले लो, भाई को बचा लो’

पौड़ी/देवप्रयाग: कांवड़ यात्रा के दौरान देवप्रयाग के टोंडेश्वर घाट पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। गंगा में नहाते समय एक 24 वर्षीय कांवड़िया तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया। अपने छोटे भाई को नदी में बहता देख बड़े भाई ने लोगों से उसे बचाने की गुहार लगाई।

हादसे के बाद सामने आए वीडियो में बड़ा भाई रोते हुए लोगों से मदद मांगता दिखाई दे रहा है। वह कहता है, “कोई 5 लाख ले लो, बस मेरे भाई को बचा लो।” उसकी आवाज में भाई को बचाने की बेबसी और दर्द साफ दिखाई दे रहा है।

बताया जा रहा है कि कांवड़िया गंगा में स्नान कर रहा था। इसी दौरान अचानक वह तेज बहाव में फंस गया और देखते ही देखते नदी में बह गया। किनारे खड़ा उसका बड़ा भाई यह देखकर घबरा गया और मदद के लिए लोगों को पुकारने लगा। लेकिन बारिश के कारण उफनती नदी के तेज बहाव के सामने उसकी कोशिशें काम नहीं आ सकीं।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की। बहने वाले युवक की पहचान आर्यन मिश्रा (24), पुत्र सतेंद्र मिश्रा, निवासी फरीदाबाद, हरियाणा के रूप में हुई है।

घटना के बाद घाट पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सावन में कांवड़ यात्रा के चलते गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। वहीं बारिश के कारण गंगा और उसकी सहायक नदियों का जलस्तर और बहाव तेजी से बढ़ रहा है।

प्रशासन और पुलिस लगातार श्रद्धालुओं से अपील कर रहे हैं कि बैरिकेडिंग पार न करें और तेज बहाव वाले स्थानों पर स्नान करने से बचें। यह हादसा भी श्रद्धालुओं को नदी के तेज बहाव के प्रति सावधान रहने का संदेश देता है।

घटना टोंडेश्वर घाट, देवप्रयाग में अलकनंदा नदी के पास हुई।

 

ये भी पढ़ें: https://uttarakhandhighlights.com/haldwani-congresss-show-of-strength-election-campaign-started-with-kharges-vijay-shankhnad-rally/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *