Haldwani :सड़क पर हुड़दंग मचाने वाले 20 आरोपियों पर सख्त कार्रवाई, सीसीटीवी फुटेज से हुई पहचान

हल्द्वानी: नैनीताल जिले के हल्द्वानी में पीलीकोठी चौराहे के पास देर रात दो गुटों के बीच हुए विवाद और भगदड़ जैसी स्थिति के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। सीसीटीवी फुटेज और जांच के आधार पर पुलिस ने घटना में शामिल 20 लोगों को चिन्हित कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है।

यह घटना 6 और 7 अगस्त की मध्यरात्रि मुखानी थाना क्षेत्र में सामने आई थी। पीलीकोठी चौराहे के पास विवाद के बाद सड़क पर अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। सूचना मिलने पर मुखानी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने संबंधित अधिकारियों को घटना में शामिल लोगों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी सिटी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल के पर्यवेक्षण और मुखानी थाना प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने घटनास्थल के साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली। फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर 20 लोगों की पहचान की गई। पुलिस के अनुसार सभी के खिलाफ मुखानी थाने में धारा 172(2) बीएनएसएस के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई है। इसके अलावा पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत सभी 20 लोगों का चालान किया गया और कुल 10 हजार रुपये का संयोजन शुल्क वसूला गया।

एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि मामले में शामिल 20 लोगों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा चुकी है और आगे की जांच जारी है।

पुलिस के मुताबिक, अब तक सामने आई सीसीटीवी फुटेज में किसी व्यक्ति के साथ मारपीट या चोट पहुंचाने की पुष्टि नहीं हुई है। फुटेज में मुख्य रूप से भगदड़ और अफरा-तफरी की स्थिति दिखाई दे रही है। दोनों पक्षों की ओर से फिलहाल पुलिस को कोई लिखित तहरीर भी नहीं दी गई है।

पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान यदि मारपीट या किसी अन्य दंडनीय गतिविधि से जुड़े तथ्य सामने आते हैं, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार अतिरिक्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर शांति व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी तरह की अफवाह या हुड़दंग से बचने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *