देहरादून: उत्तराखंड में आगामी साल 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर राजनीतिक पार्टियां तैयारियों में जुटी हुई हैं. वहीं, दूसरी तरफ, भाजपा नेताओं की ओर से किए जा रहे अभद्र भाषा का प्रयोग भाजपा के लिए ही चुनौती बन रहे हैं. दरअसल, कुछ दिन पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के बयान पर काफी अधिक हंगामा हुआ था. हालांकि, भाजपा अध्यक्ष के माफी मांगने के बाद मामला शांत भी हुआ. लेकिन अब भाजपा विधायक महेश जीना की ओर से अभद्र भाषा इस्तेमाल करने पर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है.
दरअसल, अल्मोड़ा जिले की सल्ट विधानसभा सीट से भाजपा विधायक महेश जीना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. जिसको लेकर उत्तराखंड की सियासत गरमा गई है. वीडियो 1 अगस्त का है. भाजपा विधायक की अभद्र भाषा को लेकर विपक्ष, विधायक और भाजपा सरकार की जमकर आलोचना करते हुए कार्रवाई की मांग कर रहा है
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ दिख रहा है कि विधायक जीना, धमकी दे रहे हैं. वीडियो में विधायक महेश जीना कथित तौर पर एक व्यक्ति को अपशब्दों के साथ ये कहते हुए सुनाई दे रहे हैं कि,
‘अच्छी वीडियो बनाकर डाला कर, बहुत चर्बी चढ़ गई है, उतार दूंगा. प्यार से डाल और अच्छी चीजें डाल और तू भी सून ले प्रधान’.
इसके बाद उन्होंने फोन भी छीन लिया. विधायक की ओर से इस्तेमाल किए गए अभद्र भाषा ने स्थिति को तनावपूर्ण बना दिया है. लेकिन अब कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी पार्टी इसको राजनीतिक मुद्दा बनाकर विधायक पर कार्रवाई करने की मांग कर रही हैं.
कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता शीशपाल सिंह बिष्ट ने कहा कि,
अभद्र भाषा से जुड़ी विधायक की पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी भाजपा विधायक का अभद्र व्यवहार और बदजुबानी से जुड़े मामले सामने आ चुके हैं. ऐसे में भाजपा अपने बेलगाम और बदजुबान नेताओं पर लगाम नहीं लगा पा रही है. जनता विधायक के पास अपनी समस्या लेकर पहुंचती है. लेकिन अगर उनके साथ इस तरह का व्यवहार होता है तो ये लोकतंत्र के लिए निंदनीय है. लिहाजा, सरकार को इसका तत्काल संज्ञान लेना चाहिए और भाजपा विधायक पर कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए है.
-शीशपाल सिंह बिष्ट, प्रदेश प्रवक्ता, कांग्रेस-
प्रदेश भाजपा प्रवक्ता मथुरा दत्त जोशी ने कहा कि,
विपक्षी दलों का काम सिर्फ यही रह गया है कि सोशल मीडिया पर तरह-तरह की चीज डालकर जनप्रतिनिधियों को बदनाम करने की साजिश रची जा रही है. ऐसे ही घटना सल्ट विधानसभा सीट से विधायक महेश जीना के साथ भी हुई है. कुछ तथाकथित लोगों की ओर से प्रदेश भर में जनप्रतिनिधियों को बदनाम करने के लिए वीडियो बनाई जा रही है, जो लोकतंत्र के लिए बड़ा घातक है. क्योंकि ये उत्तराखंड की परंपरा, मर्यादा और संस्कार नहीं है.
-मथुरा दत्त जोशी, प्रदेश प्रवक्ता, भाजपा-
