Ramnagar : रिंगौड़ा उफनते नाले में युवकों ने दौड़ा दी बाइक, बाल-बाल बची जान, देखें वीडियो

रामनगर में देर शाम हुई मूसलाधार बारिश के बाद नेशनल हाईवे-309 पर स्थित रिंगौड़ा का बरसाती नाला उफान पर आ गया. जहां एक ओर दोनों तरफ दर्जनों वाहन चालक पानी का बहाव कम होने का इंतजार कर रहे थे, वहीं कुछ बाइक सवारों ने जल्दबाजी दिखाते हुए उफनते नाले में बाइक उतार दी. देखते ही देखते तेज बहाव में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह बहने लगा. मौके पर मौजूद लोगों की सूझबूझ से बड़ा हादसा टल गया.

RAIN WATER HARVESTING HD

नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र में बीते देर शाम हुई तेज बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया. बारिश के चलते कई बरसाती नाले उफान पर आ गए. नेशनल हाईवे-309 पर रिंगौड़ा के पास स्थित बरसाती नाला भी तेज बहाव के साथ बहने लगा, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. अधिकांश वाहन चालक हालात सामान्य होने का इंतजार कर रहे थे. इसी दौरान कुछ बाइक सवारों ने जोखिम उठाते हुए उफनते नाले को पार करने का प्रयास किया, जैसे ही बाइक नाले के बीच पहुंची तेज बहाव के कारण चालक का संतुलन बिगड़ गया और बाइक पानी में बहने लगी.

यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं. हालांकि आसपास मौजूद कुछ युवकों ने बिना देर किए हिम्मत दिखाई और तेज बहाव के बीच उतरकर बाइक तथा सवारों को संभाल लिया. काफी मशक्कत के बाद बाइक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया. यदि समय रहते स्थानीय लोग मदद के लिए आगे नहीं आते तो यह लापरवाही किसी बड़े हादसे में बदल सकती थी. बारिश के मौसम में बरसाती नालों का जलस्तर कुछ ही मिनटों में खतरनाक रूप ले सकता है.

Ringauda Rainy Drain

ऐसे में प्रशासन भी लगातार लोगों से सावधानी बरतने और पानी का बहाव कम होने तक इंतजार करने की अपील करता रहा है, लेकिन कई बार कुछ लोग जल्दबाजी में अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल देते हैं. स्थानीय लोगों ने भी वाहन चालकों से अपील की है कि बरसाती नालों को हल्के में न लें, कुछ मिनटों का इंतजार आपकी पूरी जिंदगी बचा सकता है. बारिश के दौरान किसी भी उफनते नाले को पार करने की भूल न करें और नाले का जलस्तर कम होने का इंतजार करें. बता दें कि उत्तराखंड में भारी बारिश का दौर जारी है. जिससे नदी नालों का जलस्तर काफी बढ़ गया है.

पढ़ें : https://uttarakhandhighlights.com/dehradun-victim-of-car-accident-in-chakrata-driver-dies-before-reaching-hospital/

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *