विकासनगर: देहरादून के चकराता तहसील क्षेत्र में एक कार हादसे का शिकार हो गई. हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई. कार सवार व्यक्ति दुनुवां गांव से सहिया की ओर जा रहा था. लेकिन गांव से थोड़ी ही दूरी पर कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. कार में सिर्फ चालक ही मौजूद था. जिसे गंभीर हालत में ग्रामीणों द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सहिया लाया गया, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
जिला देहरादून के चकराता तहसील क्षेत्र के अंतर्गत बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई. कार अनियंत्रित होकर ऊपरी सड़क से नीचे वाली सड़क पर जा गिरी. स्थानीय ग्रामीणों ने युवक को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, दुनुवां गांव निवासी जगमोहन (24 वर्ष) पुत्र नानू, बुधवार सुबह करीब 7 बजे अपनी कार से दुनुवां से सहिया की ओर जा रहा था. जैसे ही कार दुनुवां गांव से थोड़ी दूर पहुंची, वह अचानक अनियंत्रित होकर ऊपरी सड़क से गिरकर नीचे वाली सड़क पर पलट गई.
हादसे की सूचना मिलते ही गांव के विजय सिंह तोमर, प्रेम सिंह तोमर, रितेश, धरमू, सुखिया, संजय और रमेश सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए घायल जगमोहन को तुरंत अपने निजी वाहन से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सहिया पहुंचाया. अस्पताल में ड्यूटी पर तैनात डॉ. सरिता धारिया ने जांच के बाद जगमोहन को मृत घोषित कर दिया. युवक की असामयिक मृत्यु से दुनुवां गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है.
तहसील चकराता के नायब तहसीलदार राजेंद्र लाल ने बताया कि, आज सुबह एक अल्टो कार संख्या UK11A-6727 ग्राम दुनुवां तहसील चकराता में दुर्घटना में दुर्घटनाग्रस्त होने पर चालक जगमोहन उम्र 24 साल पुत्र नानूराम ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. अस्पताल में डाक्टरों द्वारा मृत घोषित किया गया. मृतक का पंचायतनामा कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए उप जिलाचिकित्सालय विकासनगर भेजा गया है.
ये भी पढ़ें: https://uttarakhandhighlights.com/dehradun-hopes-washed-away-in-rain-huge-potholes-on-new-road/
