Pauri Garhwal : में यूज्ड ब्लेड सुरक्षित निस्तारण अभियान शुरू, जानिये क्या है ये कैंपेन

पौड़ी गढ़वाल: स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के तहत श्रीनगर नगर निगम ने उत्तराखंड में पहली बार एक अनोखी पहल शुरू की है. इस पहल के तहत बार्बर (नाई) दुकानों से इस्तेमाल की गई ब्लेड्स के सुरक्षित संग्रहण और वैज्ञानिक निस्तारण की व्यवस्था शुरू की गई है. इस अभियान के तहत बुधवार को पहली बार नगर क्षेत्र की सभी बार्बर दुकानों से यूज्ड ब्लेड एकत्रित कर सुरक्षित निस्तारण के लिए भेजी गईं.

करीब एक माह पहले नगर निगम ने सभी बार्बर दुकानों को विशेष ‘ब्लेड बिन’ उपलब्ध कराए थे. जिससे इस्तेमाल की गई ब्लेड सामान्य कूड़े में न जाएं. पहले ये ब्लेड खुले में या घरेलू कचरे के साथ फेंक दी जाती थीं. जिससे सफाई कर्मियों के घायल होने, आवारा पशुओं को नुकसान पहुंचने और पर्यावरण प्रदूषण का खतरा बना रहता था.

अब नगर निगम हर माह इन ब्लेडों का अलग से संग्रहण करेगा. उनका वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण कराया जाएगा. इससे खतरनाक अपशिष्ट का सुरक्षित प्रबंधन सुनिश्चित होगा. शहर की स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी. महापौर आरती भंडारी ने कहा नगर निगम स्वच्छता को जनआंदोलन बनाने के लिए लगातार नई पहल कर रहा है. उत्तराखंड में पहली बार बार्बर दुकानों से यूज्ड ब्लेड का अलग संग्रहण और वैज्ञानिक निस्तारण शुरू किया गया है. जिससे शहर की स्वच्छता के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, सफाई कर्मियों की सुरक्षा और पशुओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी.उन्होंने नागरिकों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की.

नगर आयुक्त नुपुर वर्मा ने कहा स्वच्छ सर्वेक्षण-2026 के तहत नगर निगम केवल नियमित सफाई तक सीमित नहीं है, बल्कि ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में भी नवाचार कर रहा है. उन्होंने कहा इस व्यवस्था से खतरनाक कचरा सामान्य कूड़े में नहीं जाएगा. इससे सफाई कर्मियों, आम नागरिकों तथा पशुओं की सुरक्षा सुनिश्चित होगी. उन्होंने सभी बार्बर दुकानदारों के सहयोग के लिए आभार भी जताया.

 

 

ये भी पढ़ें : https://uttarakhandhighlights.com/government-has-completed-preparations-for-haridwar-kanwar-mela-government-expressed-apprehension-of-5-crore-kanwariyas-coming/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *