अंकिता हत्याकांड से जुड़े चर्चित ऑडियो क्लिप और ब्लैकमेलिंग के मामलों में फंसी सहारनपुर की अभिनेत्री उर्मिला सनावर की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। हरिद्वार पुलिस ने अब मामले में सख्त रुख अपनाते हुए अभिनेत्री के खिलाफ अदालत से गैर जमानती वारंट हासिल कर लिया है। रानीपुर कोतवाली पुलिस की इस कार्रवाई के बाद ज्वालापुर पुलिस भी अपने स्तर से वारंट लेने की प्रक्रिया में जुट गई है।
गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद पुलिस ने उर्मिला सनावर और निष्कासित पूर्व भाजपा विधायक सुरेश राठौर की तलाश तेज कर दी है। पुलिस का दावा है कि दोनों ही आरोपी लंबे समय से जांच से बच रहे हैं और नोटिस के बावजूद थाने में पेश नहीं हुए। ऐसे में उनकी गिरफ्तारी किसी भी समय की जा सकती है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उर्मिला सनावर के खिलाफ दर्ज दो मुकदमे उस वायरल ऑडियो क्लिप से संबंधित हैं, जिसमें वह पूर्व विधायक सुरेश राठौर के साथ सह आरोपी है। इसके अलावा वर्ष 2025 में सुरेश राठौर की पुत्री ने रानीपुर कोतवाली में अभिनेत्री के खिलाफ ब्लैकमेलिंग का मामला दर्ज कराया था। यही नहीं, एक अन्य ब्लैकमेलिंग प्रकरण में भी उर्मिला सनावर पुलिस को वांछित है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपियों को जांच में शामिल होने के लिए कई बार नोटिस भेजे गए थे, लेकिन न तो वे पुलिस के सामने पेश हुए और न ही उन्होंने जांच में सहयोग किया। इसके चलते पुलिस को अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा। अब गैर जमानती वारंट जारी होने के बाद संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।