Dehradun : दीपावली में देहरादून रेलवे स्टेशन पर उमड़ी यात्रियों की भीड़, नियंत्रण के लिए गठित हुई RPF और GRP टीम - Uttarakhand Highlights

Dehradun : दीपावली में देहरादून रेलवे स्टेशन पर उमड़ी यात्रियों की भीड़, नियंत्रण के लिए गठित हुई RPF और GRP टीम

Rain Water Harvesting

देहरादून: देशभर में दीपावली त्यौहार की धूम देखी जा रही है. मंगलवार को धनतेरस के अवसर पर बाजारों में जहां एक ओर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ी, तो वहीं दूसरी ओर अपने घर जाने को लेकर भी लोगों में काफी उत्साह देखने को मिल रहा है. उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित रेलवे स्टेशन में त्यौहारी सीजन के चलते अत्यधिक भीड़ देखी जा रही है. देहरादून समेत प्रदेश के तमाम क्षेत्रों में काम कर रहे लोग दीपावली त्यौहार को मनाने के लिए अपने घरों की ओर रवाना हो रहे हैं, जिसके चलते न सिर्फ सभी ट्रेनें फुल चल रही हैं, बल्कि ट्रेनों में इतनी अधिक भीड़ हो रही है कि लोगों को लटक कर सफर करना पड़ रहा है.

त्यौहारी सीजन में ट्रेनों में उमड़ी भीड़: उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देश भर के तमाम राज्यों में काम कर रहे लोग दीपावली त्यौहार मनाने के लिए अपने घर जा रहे हैं. हाल ही में मुंबई समेत कुछ रेलवे स्टेशनों पर भगदड़ जैसी घटनाएं भी हुई हैं. इसको देखते हुए देहरादून स्थित रेलवे स्टेशन में चौकसी बढ़ा दी गई है. त्यौहारी सीजन के दौरान यात्रा करने वाले लोगों की संख्या काफी बढ़ जाती है. इसको देखते हुए देहरादून रेलवे प्रशासन की ओर से एक टीम गठित की गई है, जो भीड़ को नियंत्रित करने के साथ ही प्लेटफार्म पर व्यवस्थाओं को मुकम्मल करा रही है. ताकि अपने घर जाने वाले लोग आसानी से यात्रा कर सकें.

Crowd in trains on Diwali

दीपावली पर हर कोई जाना चाहता है घर: देहरादून रेलवे स्टेशन से रोजाना 36 ट्रेनों की आवाजाही होती है. देहरादून से उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों और बिहार के लिए जाने वाली ट्रेनों में अत्यधिक भीड़ देखी जा रही है. रेलवे स्टेशन से मिली जानकारी के अनुसार त्यौहारी सीजन से पहले रोजाना करीब 13,750 यात्री सफर कर रहे थे. दीपावली त्यौहार को देखते हुए रेल से यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या में बढ़ोत्तरी हो गई है. मौजूदा आकलन के अनुसार रोजाना 15 से 16 हजार यात्री सफर कर रहे हैं. यह संख्या आज और बढ़ने की संभावना है.

Crowd in trains on Diwali

यात्रियों की मॉनिटरिंग: भीड़ नियंत्रण के लिए गठित टीम की डे नोडल अधिकारी एवं मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ रूपल बुमारिया ने बताया कि आरपीएफ, जीआरपी की टीम तैनात की गई है. टीम भीड़ को नियंत्रित करने का काम कर रही है. ऐसे में जिन यात्रियों के पास टिकट है, उनको ट्रेन में बैठने की अनुमति दी जा रही है. साथ ही कहा कि स्लीपर कोच में यात्रियों की अत्यधिक भीड़ देखी जा रही है. इसके चलते आरपीएफ और जीआरपी को जरूरी निर्देश दिए गए हैं कि जिस स्लीपर कोच में अत्यधिक भीड़ हो गई हो, उसमें यात्रियों को चढ़ने की अनुमति न दी जाए. साथ ही बताएं कि देहरादून रेलवे स्टेशन पर भगदड़ जैसी कोई स्थिति नहीं है. त्यौहार को देखते हुए सभी यात्री अपने घर को जाना चाहते हैं. ऐसे में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है.

Crowd in trains on Diwali

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *