Uttarakhand Kedarghati Disaster : प्रभावित व्यवसायियों को सीएम धामी ने दी राहत, 9 करोड़ 64 लाख डीबीटी के जरिए किया हस्तांतरण - Uttarakhand Highlights

Uttarakhand Kedarghati Disaster : प्रभावित व्यवसायियों को सीएम धामी ने दी राहत, 9 करोड़ 64 लाख डीबीटी के जरिए किया हस्तांतरण

Rain Water Harvesting

देहरादून: केदारघाटी क्षेत्र में अतिवृष्टि से लिंनचौली से सोनप्रयाग तक पैदल और मोटर मार्ग क्षतिग्रस्त होने से तमाम व्यवसायियों को नुकसान उठाना पड़ा है. जिसको देखते हुए सीएम पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री राहत कोष के तहत प्रभावित व्यवसायियों की क्षतिपूर्ति के लिए 9 करोड़ 64 लाख रुपये की राहत धनराशि को डीबीटी के माध्यम से प्रभावितों को ट्रांसफर की.

सीएम धामी ने पहले भी मुख्यमंत्री राहत कोष से लिंनचौली से सोनप्रयाग तक के अतिवृष्टि के प्रभावितों की क्षतिपूर्ति के लिए रुद्रप्रयाग डीएम से मिले प्रस्ताव के आधार पर 9 करोड 8 लाख रुपये की धनराशि जारी की थी. इसके बाद मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावितों के लिए 56 लाख की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की थी. ऐसे में राज्य सरकार ने कुल 9 करोड़ 64 लाख रुपये की राहत धनराशि को डीबीटी के जरिये प्रभावितों को भेजी है.

वहीं, मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि केदारनाथ क्षेत्र में आई आपदा एक दुखद घटना थी. स्थानीय लोगों की सहायता और प्रशासन की मदद से रेस्क्यू अभियान को जल्द से जल्द पूरा किया गया. उन्होंने कहा कि आपदा के दौरान प्रभावित हुए लोगों और व्यापारियों की मदद के लिए राज्य सरकार हमेशा तत्पर रहेगी. केदारनाथ यात्रा मार्ग को और अधिक सुगम बनाए जाने पर लगातार काम किया जा रहा है. जिसके चलते चारधाम यात्रा ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है.

सीएम धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भव्य और दिव्य केदारनाथ बनाने का काम चल रहा है. केदारनाथ क्षेत्र में करोड़ों की योजनाओं पर लगातार कार्य चल रहा है. इन योजनाओं से स्थानीय लोगों के साथ ही बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को सुगमता मिल रही है. उन्होंने कहा कि केदारनाथ क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकार प्रतिबद्धता से कार्य कर रही है एवं स्थानीय लोगों की हर संभव मदद के लिए सरकार संकल्पित है.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *