ईरान में महिलाओं के पहनावे और सार्वजनिक गतिविधियों को लेकर लागू सख्त नियमों के बीच
एक महिला गायिका का मामला चर्चा में है। गायिका परस्तू अहमदी (Parastoo Ahmadi) को बिना हिजाब
पहने सार्वजनिक रूप से गाना गाने के मामले में 74 कोड़ों की सजा सुनाए जाने की खबर सामने आई है।
उनके साथ इस कार्यक्रम में शामिल संगीतकारों पर भी कार्रवाई की बात कही गई है।
बताया जा रहा है कि यह मामला दिसंबर 2024 में आयोजित एक ऑनलाइन कॉन्सर्ट से जुड़ा है।
इस कार्यक्रम में परस्तू अहमदी ने बिना हिजाब के प्रस्तुति दी थी। इसके बाद उनके खिलाफ धार्मिक
और सामाजिक नियमों के उल्लंघन को लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू हुई। इस घटना ने ईरान में महिलाओं
की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, पहनावे और संगीत से जुड़े प्रतिबंधों पर एक बार फिर चर्चा तेज कर दी है।
दिसंबर 2024 में बिना हिजाब के किया था ऑनलाइन कॉन्सर्ट
दरअसल, यह पूरा मामला दिसंबर 2024 का है। उस समय गायिका परस्तू अहमदी ने ईरान के
कुम शहर में स्थित ऐतिहासिक दैर गाचिन कारवां सराय में एक ऑनलाइन कॉन्सर्ट रिकॉर्ड किया था।
इस कार्यक्रम में वह बिना हिजाब के नजर आई थीं। उन्होंने स्लीवलेस ड्रेस पहनी हुई थी
और उनके साथ पुरुष संगीतकार भी मौजूद थे।
इस कॉन्सर्ट का वीडियो उनके यूट्यूब चैनल पर प्रकाशित किया गया था।
वीडियो सामने आने के बाद यह सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
इसे लाखों लोगों ने देखा। इस प्रस्तुति को लेकर ईरानी अधिकारियों ने उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी थी।
अदालत ने सुनाई थी 74 कोड़े मारने की सजा
इस मामले में जून 2026 में कुम की आपराधिक अदालत ने परस्तू अहमदी और उनके साथ जुड़े अन्य लोगों को दोषी ठहराया था।
अदालत ने प्रत्येक दोषी को 74 कोड़े मारने की सजा सुनाई थी। इसके अलावा दो साल तक देश से बाहर जाने
और कलात्मक एवं संगीत गतिविधियों में हिस्सा लेने पर भी प्रतिबंध लगाया गया था।
अदालत ने ऑनलाइन कॉन्सर्ट को सार्वजनिक शालीनता के उल्लंघन और अश्लील सामग्री के
प्रसारण से जुड़े आरोपों के तहत देखा था। हालांकि, गायिका और उनके साथियों ने इन आरोपों का विरोध किया था।
सितंबर 2026 में अपील खारिज होने के बाद सजा बरकरार रही।
सोमवार को गायिका और चार अन्य लोगों को मारे गए 74-74 कोड़े
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सोमवार 23 नवंबर 2026 को कुम शहर में सजा पर अमल किया गया।
गायिका परस्तू अहमदी के वकील मुस्तफा नीली ने ईरानी मीडिया को बताया कि अहमदी
और उनकी टीम के चार अन्य सदस्यों को 74-74 कोड़े मारे गए।
इन चार लोगों की पहचान सोहेल फकीह नासिरी, अमीन ताहेरी, अमीरअली पिरनिया
और मोहसिन लश्करी के रूप में हुई है। हालांकि, जून में इस मामले में कुल नौ लोगों को सजा सुनाई गई थी
लेकिन फिलहाल पांच लोगों को सजा दिए जाने की जानकारी सामने आई है।
ईरान में महिलाओं के लिए हैं कई सख्त नियम
ईरान में महिलाओं के लिए सार्वजनिक स्थानों पर हिजाब पहनना कानूनी रूप से अनिवार्य है।
इसके अलावा महिलाओं के सार्वजनिक गायन और संगीत कार्यक्रमों को लेकर भी कई तरह की पाबंदियां लागू हैं।
खासतौर पर पुरुषों के सामने महिला गायिकाओं के अकेले गाने पर प्रतिबंधों का सामना करना पड़ता है।
परस्तू अहमदी के मामले ने एक बार फिर ईरान में महिलाओं के अधिकारों, पहनावे की स्वतंत्रता
और कला के क्षेत्र में काम करने वाली महिलाओं पर लागू प्रतिबंधों को अंतरराष्ट्रीय चर्चा में ला दिया है।
इस घटना के बाद मानवाधिकार संगठनों और कलाकारों की ओर से भी सजा को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं।
मानवाधिकार समर्थकों ने कोड़े मारने की सजा की आलोचना की है और इसे अमानवीय दंड बताया है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/21/gta-6-launch-earnings-avengers-endgame/
![]()