उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पथरी थाना क्षेत्र के शिवगढ़ गांव में
प्रेम प्रसंग से जुड़े विवाद को सुलझाने के लिए बुलाई गई पंचायत उस समय हिंसक हो गई, जब दो पक्षों के बीच
कहासुनी के बाद मारपीट और चाकूबाजी शुरू हो गई। इस दौरान एक सहायक समाज कल्याण अधिकारी पर
चाकू से हमला कर दिया गया। हमले में अधिकारी की गर्दन और दाएं कंधे पर गंभीर चोटें आई हैं।
अचानक हुई इस घटना से पंचायत में मौजूद लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वहीं, आरोपियों की तलाश में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
प्रेम प्रसंग के विवाद को लेकर गांव में बुलाई गई थी पंचायत
जानकारी के मुताबिक, शिवगढ़ गांव निवासी कमलेश पौड़ी जिले के जहरीखाल क्षेत्र में सहायक समाज
कल्याण अधिकारी के पद पर तैनात हैं। इन दिनों वह छुट्टी लेकर अपने गांव आए हुए थे।
इसी दौरान उन्हें परिवार से जुड़े एक युवक के प्रेम प्रसंग की जानकारी मिली।
बताया जा रहा है कि उनके परिवार का एक युवक गांव की ही एक युवती के साथ प्रेम संबंध में था।
दोनों घर से चले गए थे और बाद में शादी कर ली थी।
इस मामले में प्रेमी युगल को हाईकोर्ट की ओर से सुरक्षा देने के आदेश भी प्राप्त हुए थे।
इसी प्रेम प्रसंग को लेकर युवती पक्ष के ग्रामीणों ने शिवगढ़ गांव में पंचायत आयोजित की थी।
पंचायत में दोनों पक्षों के लोग मौजूद थे। कमलेश भी इस पंचायत में शामिल होने पहुंचे थे
लेकिन मामला बातचीत से सुलझने के बजाय विवाद में बदल गया।
पंचायत में कहासुनी के बाद सहायक अधिकारी पर चाकू से हमला
बताया जा रहा है कि पंचायत के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोप है कि धर्मेंद्र, अमरपाल और वेदपाल राणा ने कमलेश पर चाकू से हमला कर दिया।
इस हमले में कमलेश की गर्दन और दाएं कंधे पर चोटें आईं।
अचानक हुए चाकू के हमले से पंचायत में मौजूद लोग घबरा गए।
मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना के बाद घायल अधिकारी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
वहीं, घटना की सूचना मिलते ही पथरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची
और मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े तथ्यों और पीड़ित के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज, गिरफ्तारी के प्रयास जारी
मामले में पुलिस ने पीड़ित का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
नामजद आरोपियों में धर्मेंद्र, अमरपाल और वेदपाल राणा शामिल हैं।
पथरी थाना प्रभारी रविंद्र कुमार के अनुसार, मामले में तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने बताया कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। प्रेम प्रसंग को लेकर शुरू हुआ
विवाद पंचायत में चाकूबाजी तक कैसे पहुंचा, इसकी भी पड़ताल की जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर गांवों में विवाद सुलझाने के लिए बुलाई जाने वाली पंचायतों में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/25/uttarkashi-pawani-village-fire-30-houses-burnt/
![]()