हरिद्वार: उत्तराखंड में मंत्री सुबोध उनियाल और पंजाबी गायक दलेर मेहंदी के बीच हुए विवाद
के बाद अब एक बार फिर यह मामला चर्चा में आ गया है। इस बार दलेर मेहंदी के भाई
और मशहूर सिंगर मीका सिंह उत्तराखंड पहुंच रहे हैं। उनके साथ लोकप्रिय गायक बी प्राक
हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा और बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान के बॉडीगार्ड शेरा भी हरिद्वार आएंगे।
जानकारी के मुताबिक, सभी कलाकार आज हरिद्वार पहुंचेंगे। यहां लक्सर क्षेत्र के पीपली गांव में
आयोजित 251 निर्धन कन्याओं के सामूहिक विवाह समारोह में शामिल होकर नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे।
पीपली गांव में 251 कन्याओं का होगा सामूहिक विवाह
खानपुर विधायक उमेश कुमार ने इस कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि सामूहिक विवाह
समारोह में शामिल होने के लिए मीका सिंह, बी प्राक, मासूम शर्मा और शेरा हरिद्वार पहुंचेंगे।
मेहमानों के आगमन के लिए विशेष हेलिकॉप्टर की व्यवस्था भी की गई है।
गौरतलब है कि उमेश कुमार ने 28 अक्टूबर को विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा देने की घोषणा की थी।
अब उनके क्षेत्र में आयोजित यह सामूहिक विवाह समारोह चर्चा में है।
क्या है दलेर मेहंदी और मंत्री सुबोध उनियाल का विवाद?
दरअसल, 18 अक्टूबर को नई टिहरी में आयोजित सिद्धपीठ मां कुंजापुरी पर्यटन एवं
विकास मेले में पंजाबी गायक दलेर मेहंदी को प्रस्तुति देने के लिए आमंत्रित किया गया था।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल मंच पर पहुंचे। इसी दौरान उन्होंने दलेर मेहंदी पर
शराब पीकर प्रस्तुति देने का आरोप लगाया। मंच से हुई इस टिप्पणी का वीडियो सोशल मीडिया पर
तेजी से वायरल हो गया। इसके बाद मंत्री और गायक के बीच विवाद ने काफी सुर्खियां बटोरीं।
मीका सिंह ने भी मंत्री के बयान पर जताई थी नाराजगी
इस पूरे विवाद पर दलेर मेहंदी के भाई और गायक मीका सिंह ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी थी।
मुंबई में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उन्होंने मंत्री सुबोध उनियाल के व्यवहार पर नाराजगी जाहिर की थी।
मीका सिंह ने कहा था कि यदि कलाकार से कोई गलती हुई थी तो उसे प्यार से समझाया जा सकता था।
उन्होंने सवाल उठाया कि किसी कलाकार के बारे में सार्वजनिक मंच से इस तरह की टिप्पणी करना उचित तरीका नहीं है।
मीका सिंह ने मंत्री को संबोधित करते हुए कहा था, “मंत्री साहब, आप गुंडे नहीं हो, आप मंत्री साहब हो।”
अब इस विवाद के बाद मीका सिंह का पहली बार उत्तराखंड आगमन चर्चा का विषय बना हुआ है।
हरिद्वार के पीपली गांव में होने वाले सामूहिक विवाह समारोह में कई चर्चित कलाकारों की मौजूदगी आकर्षण का केंद्र रहने वाली है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/24/lodhaun-dhura-shiv-mela-lohaghat-champawat/
![]()