उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है।
उनकी मां सावित्री देवी का 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले
में स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की पुष्टि पौड़ी के
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) सर्वेश कुमार की ओर से की गई है।
इस खबर के सामने आने के बाद उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में शोक की लहर है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां लंबे समय से अस्वस्थ चल रही थीं।
पंचूर गांव स्थित आवास पर हुआ निधन
जानकारी के मुताबिक, सावित्री देवी काफी समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं।
वह पौड़ी गढ़वाल के पंचूर गांव में अपने परिवार के साथ रहती थीं। बीते कुछ महीनों के दौरान
उनकी तबीयत कई बार बिगड़ी थी। उस समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपनी मां का हालचाल जानने अस्पताल पहुंचे थे।
बताया जा रहा है कि निधन से पहले डॉक्टरों की टीम ने उनके आवास पर स्वास्थ्य परीक्षण किया था।
इसके बाद सुबह 11:50 बजे उन्होंने अपने घर पर अंतिम सांस ली।
मां के अंतिम दर्शन के लिए गांव पहुंच सकते हैं योगी आदित्यनाथ
सावित्री देवी के निधन के बाद अब सभी की नजरें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पैतृक गांव पहुंचने पर टिकी हैं।
जानकारी के अनुसार, वह अपनी मां के अंतिम दर्शन करने और अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए पंचूर गांव आ सकते हैं।
हालांकि, उनके पहुंचने को लेकर आधिकारिक कार्यक्रम की पुष्टि का इंतजार है।
वर्ष 2020 में हुआ था पिता आनंद सिंह बिष्ट का निधन
योगी आदित्यनाथ के पिता आनंद सिंह बिष्ट का भी वर्ष 2020 में कोरोना महामारी के दौरान निधन हो गया था।
उस समय देश में कोरोना संक्रमण के चलते लॉकडाउन लागू था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने
अपने पिता के अंतिम संस्कार में शामिल न होने का निर्णय लिया था।
उस दौरान उन्होंने एक पत्र जारी कर बताया था कि कोरोना महामारी के प्रबंधन और प्रदेश की जनता के प्रति
अपनी जिम्मेदारियों को देखते हुए वह अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो पाएंगे।
वहीं, वर्ष 2017 में उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनने के बाद योगी आदित्यनाथ पहली बार अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे
जहां उन्होंने अपनी मां से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया दुख
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा करते हुए इसे बेहद दुखद घटना बताया।
सीएम धामी ने अपने संदेश में कहा कि मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता हर व्यक्ति के जीवन की सबसे अनमोल धरोहर होती है।
उनका जाना परिवार के लिए ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है।
उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित
पूरे परिवार को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
सावित्री देवी के निधन से उनके परिवार और शुभचिंतकों में शोक का माहौल है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/18/cm-dhami-17-75-crore-uttarakhand-development-projects/
![]()