देहरादून: उत्तराखंड में विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विभिन्न
विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री घोषणाओं के तहत 17.75 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है।
इस धनराशि से प्रदेश के कई जिलों में सड़क निर्माण, मंदिरों और मेला स्थलों का सौंदर्यीकरण
धर्मशालाओं का निर्माण, पेयजल व्यवस्था और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य किए जाएंगे।
सरकार की ओर से जारी स्वीकृतियों के तहत टिहरी, पिथौरागढ़, चम्पावत, हरिद्वार
और ऊधमसिंह नगर सहित विभिन्न जिलों में विकास कार्यों को गति देने की योजना है।
इन परियोजनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, धार्मिक पर्यटन
और जनसुविधाओं को बेहतर बनाने पर जोर दिया जाएगा।
टिहरी जिले को मिलेगी विकास कार्यों की सौगात
टिहरी जिले के प्रतापनगर विधानसभा क्षेत्र में हुणेश्वर महादेव मंदिर के समीप धर्मशाला, कमरों
और शौचालयों के निर्माण के साथ सौंदर्यीकरण के लिए 98.77 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इस परियोजना के लिए पहली किस्त के रूप में 59.26 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी भी दी गई है।
वहीं, देवप्रयाग विधानसभा क्षेत्र के कीर्तिनगर विकासखंड की ग्राम सभा बड़ोला के उरमण तोक
में बिन्सर देवता मंदिर के सौंदर्यीकरण और इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाने के लिए 36.19 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा डागर शिवालय के सौंदर्यीकरण के लिए 39.94 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
पिथौरागढ़ में मेला स्थल और ग्रामीण मार्गों का होगा निर्माण
पिथौरागढ़ जिले के धारचूला विधानसभा क्षेत्र में ग्राम गटघोरगाड़ी स्थित नौलिंग मेला स्थल के निर्माण के लिए
79.49 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किस्त के तौर पर 47.69 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी दी गई है।
इसके साथ ही मदकोट क्षेत्र में मंदाकिनी पुल से ग्राम सभा राप्ती तक
पैदल अश्व मार्ग बनाने के लिए 29.84 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
डीडीहाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत खोलीमाली कन्यूरी में खड़ंजा निर्माण, सीसी मार्ग, पुलिया
और सुरक्षात्मक कार्यों के लिए 93.64 लाख रुपये मंजूर हुए हैं।
इस परियोजना के लिए पहली किस्त में 56.18 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
चम्पावत के दूधाधारी भगवती मेला स्थल का होगा सौंदर्यीकरण
चम्पावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत ठांटा में स्थित ऐतिहासिक दूधाधारी
भगवती मेला स्थल को विकसित करने की योजना बनाई गई है। यहां सौंदर्यीकरण, दर्शक दीर्घा
और ध्यान केंद्र के निर्माण के लिए 97.10 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है।
इसमें पहली किस्त के रूप में 58.26 लाख रुपये जारी करने की मंजूरी मिली है।
इसके अतिरिक्त चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में बसुधुरा से सेला तक संपर्क मार्ग के
निर्माण के लिए 81.96 लाख रुपये की परियोजना में से 25 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति दी गई है।
टनकपुर और बनबसा में 10-10 किलोमीटर सड़कें बनेंगी
टनकपुर और बनबसा के ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए भी बजट मंजूर किया गया है।
यहां 10-10 किलोमीटर आंतरिक सड़कों के निर्माण के लिए कुल 614 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इस परियोजना के तहत चालू वित्तीय वर्ष में पांच करोड़ रुपये जारी करने का अनुमोदन दिया गया है।
इससे ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन की सुविधा बेहतर होने की उम्मीद है।
हरिद्वार के गांवों में लगाए जाएंगे 250 हैंडपंप
हरिद्वार जिले के ग्रामीण इलाकों में पेयजल सुविधा मजबूत करने के लिए
दो विधानसभा क्षेत्रों में हैंडपंप लगाने की मंजूरी दी गई है।
झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में 50 हैंडपंप स्थापित करने के लिए
99.44 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसमें पहली किस्त के रूप में 59.66 लाख रुपये जारी किए जाएंगे।
वहीं, भगवानपुर विधानसभा क्षेत्र में 200 हैंडपंपों के निर्माण के लिए 100.43 लाख रुपये की
वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई है। इन परियोजनाओं से ग्रामीण परिवारों को पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
गदरपुर और लोहाघाट में भी विकास योजनाओं को मंजूरी
मुख्यमंत्री की घोषणाओं के तहत ऊधमसिंह नगर जिले के गदरपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित विकास कार्यों के लिए 184.37 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
इसके अलावा चम्पावत जिले के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में अन्य प्रस्तावित विकास योजनाओं को आगे बढ़ाने के लिए 220 लाख रुपये की वित्तीय मंजूरी दी गई है।
मुख्यमंत्री की ओर से दी गई इन स्वीकृतियों के तहत प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर काम किया जाएगा।
अब संबंधित विभागों की जिम्मेदारी होगी कि स्वीकृत बजट के अनुसार निर्माण कार्यों को निर्धारित
समय पर पूरा कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिल सके।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/18/uttarakhand-wildlife-attack-compensation-increase/
![]()