उत्तराखंड ने देश की सेवा में अपना एक और वीर सैन्य अधिकारी खो दिया है।
देहरादून के नागनाथ क्षेत्र के निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा का लेह में ड्यूटी के दौरान निधन हो गया।
बताया जा रहा है कि 9 नवंबर को ड्यूटी के समय उन्हें अचानक हार्ट अटैक आया।
इसके बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और शाम करीब 7:15 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।
उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। वहीं, पूरे गोरखा समाज
और उत्तराखंड में शोक की लहर है। देश की सेवा में करीब दो दशक बिताने वाले प्रभाकर थापा के
असमय निधन से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार
लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा का पार्थिव शरीर देहरादून लाया गया
जहां टपकेश्वर में सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया।
इस दौरान परिवार के सदस्यों, रिश्तेदारों और बड़ी संख्या में लोगों ने उन्हें अंतिम विदाई दी।
अंतिम विदाई के दौरान का दृश्य बेहद भावुक कर देने वाला था।
पिता का पार्थिव शरीर देखकर उनकी महज नौ साल की बेटी खुद को संभाल नहीं पाई और फूट-फूटकर रोने लगी।
वहीं, पति के अंतिम संस्कार के समय उनकी पत्नी भी भावुक हो गईं।
पार्थिव शरीर को माला पहनाते समय वह बेसुध हो गईं।
इस मार्मिक दृश्य को देखकर वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
5/3 गोरखा राइफल्स में तैनात थे प्रभाकर थापा
लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा भारतीय सेना की 5/3 गोरखा राइफल्स में तैनात थे।
जानकारी के अनुसार, वह वर्तमान में लेह में स्पेशल फोर्स की यूनिफॉर्म यूनिट में
असिस्टेंट एडजुटेंट जनरल (AAG) के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे थे।
सेना में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए उन्होंने देश की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया।
उनके निधन से सैन्य परिवार और गोरखा समाज में शोक का माहौल है।
CDS परीक्षा पास कर 2006 में बने थे सेना के अधिकारी
प्रभाकर थापा का जन्म वर्ष 1984 में हुआ था। उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा
देहरादून के प्रतिष्ठित कैम्ब्रियन हॉल स्कूल से प्राप्त की।
पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) परीक्षा उत्तीर्ण की।
इसके बाद 9 दिसंबर 2006 को उन्हें भारतीय सेना में कमीशन मिला।
उन्होंने अपने सैन्य करियर में करीब 20 वर्षों तक देश की सेवा की और अलग-अलग जिम्मेदारियां निभाईं।
पत्नी और नौ साल की बेटी को छोड़ गए पीछे
लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा के परिवार में उनकी पत्नी और नौ साल की बेटी हैं।
उनके अचानक चले जाने से परिवार गहरे सदमे में है। जिस उम्र में बेटी को पिता का सहारा
और साथ मिलना चाहिए था, उस उम्र में उसे अपने पिता को अंतिम विदाई देनी पड़ी।
प्रभाकर थापा का सैन्य जीवन और देश के प्रति उनकी सेवाएं हमेशा याद रखी जाएंगी।
उनके निधन से देहरादून सहित पूरे उत्तराखंड में शोक का माहौल है।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/12/uttarakhand-disaster-relief-sdrf-ndrf-assistance-increased/
![]()