पौड़ी/टिहरी : उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं की जान उस समय खतरे में पड़ गई
जब एक बस का चालक शराब के नशे में वाहन चला रहा था।
बस में सवार 28 यात्रियों की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ कर रहे चालक को
टिहरी जिले की लंबगांव पुलिस ने समय रहते पकड़ लिया।
पुलिस की सतर्कता से एक बड़ा सड़क हादसा होने से टल गया।
पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 9:30 बजे उत्तरकाशी से श्रीनगर गढ़वाल जा रही
यात्री बस (UK 10PA 1010) को लंबगांव थाना क्षेत्र में चेकिंग के दौरान रोका गया।
बस जय काशी विश्वनाथ सेवा की थी। पुलिसकर्मियों को चालक की गतिविधियां संदिग्ध लगीं
जिसके बाद वाहन को रुकवाकर उसकी जांच की गई।
एल्कोमीटर जांच में शराब पीने की हुई पुष्टि
बस चालक के व्यवहार और वाहन चलाने के तरीके को देखकर पुलिस को उसके नशे में होने का शक हुआ।
इसके बाद एल्कोमीटर से जांच की गई, जिसमें चालक के अत्यधिक शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
जानकारी के अनुसार, चालक करीब 55 किलोमीटर तक नशे की हालत में बस चला चुका था।
इस दौरान बस में 28 यात्री सवार थे, जिनकी जान जोखिम में बनी हुई थी।
दूसरी बस से यात्रियों को भेजा गया श्रीनगर
बस में सवार सभी यात्री चारधाम यात्रा पर निकले थे। इनमें कोलकाता और महाराष्ट्र के श्रद्धालु शामिल थे
जो बाबा केदारनाथ और बदरी विशाल के दर्शन करने जा रहे थे। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए
पुलिस ने तत्काल बस को अपने कब्जे में ले लिया और चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।
इसके बाद पुलिस ने यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए लंबगांव से दूसरी बस की व्यवस्था कराई।
सभी श्रद्धालुओं को सुरक्षित श्रीनगर के लिए रवाना किया गया। पुलिस की
इस कार्रवाई के बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
बस सीज, चालक का लाइसेंस निरस्त करने की तैयारी
लंबगांव थाना प्रभारी महिपाल सिंह रावत के अनुसार, बस उत्तरकाशी से श्रीनगर की ओर जा रही थी।
वाहन के संचालन में संदिग्ध गतिविधियां नजर आने पर पुलिस ने उसे रुकवाया था।
जांच में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने बस को सीज कर दिया है और चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
साथ ही चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए संबंधित विभाग को संस्तुति भेजी गई है।
पुलिस के मुताबिक, बस में चालक और परिचालक समेत कुल 30 लोग सवार थे।
समय रहते की गई कार्रवाई से 28 श्रद्धालुओं की जान सुरक्षित बच गई।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/03/mukhyamantri-vatsalya-yojana-284-crore-uttarakhand/
![]()