Rudraprayag : केदारनाथ पैदल मार्ग पर हादसा, पहाड़ी से गिरे पत्थर की चपेट में आई महिला श्रद्धालु की मौत

रुद्रप्रयाग: केदारनाथ धाम की यात्रा के दौरान रविवार को गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। चीरबासा हेलीपैड के पास पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरने की घटना में महाराष्ट्र की 60 वर्षीय महिला श्रद्धालु गंभीर रूप से घायल हो गईं। रेस्क्यू टीम ने उन्हें तत्काल गौरीकुंड स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

RAIN WATER HARVESTING HD

चीरबासा के पास अचानक गिरा पत्थर

जानकारी के मुताबिक, रविवार 6 सितंबर को जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र रुद्रप्रयाग को गौरीकुंड से केदारनाथ धाम जाने वाले पैदल मार्ग पर हादसे की सूचना मिली। बताया गया कि चीरबासा हेलीपैड के नजदीक पहाड़ी से अचानक पत्थर गिरा, जिसकी चपेट में आने से एक महिला यात्री गंभीर रूप से घायल हो गई।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ, डीडीआरएफ और पुलिस की रेस्क्यू टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना की गईं। टीम ने मौके पर पहुंचकर घायल महिला को रेस्क्यू किया और उपचार के लिए गौरीकुंड प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। हालांकि, चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

सोलापुर की रहने वाली थीं महिला श्रद्धालु

मृतका की पहचान मंगल अपाराव सिंधे (60) के रूप में हुई है। वह महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के नीमगांव की रहने वाली थीं। प्रशासन की ओर से हादसे की सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है।

घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की ओर से आवश्यक पंचनामा समेत अन्य कानूनी कार्रवाई पूरी की गई। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार और जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने महिला श्रद्धालु की मौत की पुष्टि की है।

यात्रियों को संवेदनशील स्थानों पर सतर्क रहने की सलाह

केदारनाथ यात्रा मार्ग पहाड़ी क्षेत्र से होकर गुजरता है, जहां बारिश के दौरान भूस्खलन और अचानक पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है। ऐसे में प्रशासन ने यात्रियों से मौसम और रास्ते की परिस्थितियों को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है।

जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने यात्रियों से कहा कि बारिश या खराब मौसम के दौरान संवेदनशील स्थानों पर रुकने से बचें और प्रशासन, पुलिस तथा सुरक्षा एजेंसियों की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। उन्होंने प्रतिकूल मौसम की स्थिति में सुरक्षित स्थान पर ठहरने की सलाह भी दी।

डीएम ने अधिकारियों को दिए अलर्ट रहने के निर्देश

हादसे को गंभीरता से लेते हुए रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने यात्रा मार्ग पर तैनात अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

डीएम ने यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के साथ ही रेस्क्यू और राहत व्यवस्था को सक्रिय रखने को कहा है। उन्होंने किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि पहाड़ी रास्तों पर जल्दबाजी न करें और मौसम में अचानक बदलाव होने पर प्रशासन की एडवाइजरी को प्राथमिकता दें। बारिश के दौरान विशेष सावधानी बरतकर ही यात्रा करने से दुर्घटनाओं के जोखिम को कम किया जा सकता है।

 

ये भी पढ़ें- https://uttarakhandhighlights.com/dehradun-chief-minister-youth-future/

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *