Rudrapur : किसानों का जोरदार प्रदर्शन, बैरिकेडिंग तोड़ कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े किसान; पुलिस अलर्ट

रुद्रपुर: उधम सिंह नगर के रुद्रपुर में भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) के किसानों ने अपनी चार सूत्रीय मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में किसान कलेक्ट्रेट की ओर बढ़े। इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ने की कोशिश की, जिसके बाद पुलिस और प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट नजर आया।

RAIN WATER HARVESTING HD

किसानों की मुख्य मांगों में घरेलू बिजली के लिए 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, किसानों के ट्यूबवेल की बिजली माफ करना, बाजपुर के 20 गांवों की जमीन पर मालिकाना हक देना और किसान पेंशन बहाल करना शामिल है। इन्हीं मांगों को लेकर किसान कलेक्ट्रेट के बाहर धरने पर बैठ गए।

प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने पहले से ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय के आसपास भारी पुलिस बल के साथ पीएसी के जवानों और फायर टीम को तैनात किया गया। प्रमुख मार्गों पर बैरिकेडिंग लगाकर वाहनों और लोगों की आवाजाही को नियंत्रित किया गया।

प्रशासन को आशंका थी कि प्रदर्शन के दौरान किसानों की संख्या और बढ़ सकती है। इसी को देखते हुए संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई और पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी गई। पुलिस की कोशिश रही कि प्रदर्शनकारी तय स्थान पर ही धरना दें और बिना अनुमति कलेक्ट्रेट या एसपी कार्यालय परिसर की ओर आगे न बढ़ें।

प्रशासन की ओर से प्रदर्शनकारियों से शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रखने की अपील की गई है। वहीं आम लोगों से भी सुरक्षा घेरे वाले इलाकों में अनावश्यक रूप से जाने से बचने और जरूरत पड़ने पर वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने को कहा गया है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी को भी कानून हाथ में लेने की अनुमति नहीं दी जाएगी। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए फायर टीम को भी मौके पर तैयार रखा गया है। जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा सकती है।

एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी के मुताबिक, कलेक्ट्रेट और एसपी कार्यालय के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। बैरिकेडिंग, पुलिस और पीएसी की तैनाती के साथ पूरे क्षेत्र पर लगातार नजर रखी जा रही है, ताकि प्रदर्शन के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से समय रहते निपटा जा सके।

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *