राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की आज पुण्यतिथि है. इस दिन को शहीद दिवस के रूप में मनाया जाता है. गांधी जी की पुण्यतिथि पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा राजघाट पर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी ने बापू के विचारों को याद कर श्रद्धा भाव के साथ उनको नमन किया।
प्रधानमंत्री के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल भी मौजूद रहे। सभी ने महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प अर्पित किए और उनके विचारों को याद किया। इस दौरान देश भर में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।
पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर मेरा शत-शत नमन. पूज्य बापू का हमेशा स्वदेशी पर बल रहा, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के हमारे संकल्प का भी आधार स्तंभ है. उनका व्यक्तित्व और कृतित्व देशवासियों को कर्तव्य पथ पर चलने के लिए सदैव प्रेरित करता रहेगा. पीएम मोदी ने एक और पोस्ट कर कहा कि पूज्य बापू ने मानवता की रक्षा के लिए हमेशा अहिंसा पर बल दिया. इसमें वह शक्ति है, जो बिना हथियार के दुनिया को बदल सकती है.