Pakistan: मॉल फायर में अब तक 60 लोगों की मौत…एक ही दुकान से निकलीं 30 लाशें, 80 अभी भी लापता

पाकिस्तान के कराची शहर में गुल प्लाजा में लगी भीषण आग अब एक बड़ी तबाही में बदल चुकी है. बुधवार को एक ही दुकान से 30 शव मिलने के बाद इस हादसे में मरने वालों की संख्या 60 तक पहुंच गई है. जियो न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक प्रशासन का कहना है कि अभी भी 80 से ज्यादा लोग लापता हैं और मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी है. गुल प्लाजा एक बहुमंजिला शॉपिंग कॉम्प्लेक्स है. आग लगने के बाद कई लोग बाहर निकल पाए, लेकिन दर्जनों लोग अंदर ही फंस गए.

RAIN WATER HARVESTING HD

पुलिस के मुताबिक मेजेनाइन फ्लोर पर मौजूद एक क्रॉकरी की दुकान में 30 लोग खुद को बंद कर बैठे थे. वे आग और धुएं से बचना चाहते थे, लेकिन वही जगह उनकी आखिरी बन गई. पाकिस्तानी न्यूज आउटलेट जियो न्यूज के मुताबिक दक्षिण कराची के डिप्टी कमिश्नर जावेद नबी खोसो ने बताया कि अब तक 48 शवों का पोस्टमार्टम पूरा हो चुका है. 15 शवों की पहचान हो गई है. बाकी की पहचान की प्रक्रिया जारी है. उन्होंने कहा कि 86 लोग अब भी लापता हैं और मलबा हटाने का काम लगातार चल रहा है.

पुलिस और प्रशासन इस पूरे मामले की कई कोणों से जांच कर रहे हैं. बम निरोधक दस्ता भी इमारत के अलग-अलग हिस्सों से सैंपल ले रहा है. हालांकि अतिरिक्त आईजी ने साफ कहा है कि अब तक किसी आतंकी साजिश के सबूत नहीं मिले हैं. सिंध के मुख्यमंत्री मुराद अली शाह ने पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना जताई है और हर संभव मदद का भरोसा दिया है. उन्होंने कहा कि सरकार इन परिवारों को अकेला नहीं छोड़ेगी.

Loading

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *