सीमांत गांव धराली में 5 अगस्त को आई त्रासदी के एक सप्ताह बाद भी दर्द और उम्मीद की दास्तान यहां के हर पत्थर और मलबे में गूंज रही है। चारों ओर पसरे मलबे के ढेर के बीच जिंदगी की तलाश जारी है। घरों, खेतों और सपनों को लील चुकी इस आपदा ने ग्रामीणों की दिनचर्या को पूरी तरह बदल दिया है, जहां अब हर सुबह अपनों को ढूंढने की एक नई जद्दोजहद शुरू होती है।
राहत सामग्री और सुविधाओं की बहाली तो हुई है लेकिन जो लोग अपना सब कुछ खो चुके हैं उनके लिए इस दर्दनाक मंजर के बीच जिंदगी को फिर से पटरी पर लाना किसी चुनौती से कम नहीं है। संवाद न्यूज एजेंसी ने धराली में आपदा पीड़ितों के बीच जाकर उनकी दिनचर्या जानी, पढि़ए लाइव रिपोर्ट…
हर कोई मलबे में दबे अपनों के निशान ढूंढ रहा
लगभग एक से दो किलोमीटर तक फैले मलबे के बीच सेना, आईटीबीपी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ के जवान अथक प्रयास कर रहे हैं। कई होटल और इमारतें जमींदोज हो चुकी हैं और जवान मलबे में गड्ढे खोदकर लापता लोगों को ढूंढ रहे हैं। बचे हुए घरों के अवशेषों से भी मलबा हटाया जा रहा है ताकि किसी सुराग का पता लगाया जा सके।
सीधे आपदा स्थल पर पहुंच जाते
ग्रामीणों की जिंदगी पूरी तरह बदल गई है। जिन दिनों में वे अपनी नकदी फसलों, जैसे सेब, गोभी और ब्रोकली की कटाई की तैयारी करते थे या राजमा की अंतिम गुड़ाई करते थे आज वे सुबह नाश्ता कर सीधे आपदा स्थल पर पहुंच जाते हैं। हर ग्रामीण की आंखें बस यही तलाश रही हैं कि शायद मलबे में दबे अपनों का कोई निशान मिल जाए।