PM Modi : नाश्ते पर NDA के सांसदों से की मुलाकात, संसद के हंगामे पर जताई चिंता, दिए गुरुमंत्र

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विभिन्न दलों के लगभग 45 सांसदों के साथ नाश्ते पर महत्वपूर्ण मुलाकात की. इस दौरान शिवसेना के सात, एनसीपीआई के 20, अजित पवार गुट की एनसीपी के दो तथा उपेंद्र कुशवाहा सहित अन्य सांसद उपस्थित रहे.

एनसीपीआई और शिंदे गुट के शिवसेना सांसदों से नाश्ते पर मिले प्रधानमंत्री ने इन सांसदों को कई गुरुमंत्र दिए. बैठक में प्रधानमंत्री ने सांसदों को सलाह दी कि, वे अपने संसदीय क्षेत्र के विकास कार्यों को तेज करने के लिए उपलब्ध शक्ति का सही उपयोग करें. उन्होंने बताया कि क्षेत्र में किसी भी विकास संबंधी योजना के लिए सीधे प्रधानमंत्री कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है.

इस मौके पर प्रत्येक सांसद से व्यक्तिगत बातचीत करते हुए उन्होंने उनका हाल-चाल पूछा और धाराशिव सांसद ओमराजे निंबालकर के योगाभ्यास के बारे में भी विशेष जानकारी ली.

एक अभिभावक के तौर पर इन सांसदों को उनके स्वास्थ्य पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि शरीर और सेहत का ध्यान रखना आवश्यक है, तभी देश की सेवा प्रभावी ढंग से संभव है.

पीएम ने गरीब, मजदूरों और किसानों से नियमित मिलने, उनकी समस्याएं समझने तथा सदैव अपडेट रहने की बात कही. पूर्वोत्तर राज्यों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार से पहले इन क्षेत्रों का समुचित विकास नहीं हो पाया था, पर अब पूर्वोत्तर सहित पूरे देश के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाना है.

नाश्ते के दौरान पीएम सभी सांसदों के पास गए और एक बढ़िया होस्ट होने का परिचय भी दिया. एक अभिभावक के नाते पीएम ने स्पष्ट किया कि, सांसदों की संख्या के आधार पर किसी दल को तरजीह नहीं दी जाती.

उन्होंने कहा कि, एक सांसद या एक सदस्य वाला दल भी उतना ही महत्वपूर्ण है जितना बड़े दल और उन्हें समान सम्मान मिलता है. उन्होंने कहा कि एनडीए को मजबूत बनाकर गठबंधन की एकजुटता से देश का विकास सुनिश्चित करने पर भी उन्होंने जोर दिया.

इसके अलावा प्रधानमंत्री ने संसद की कार्यवाही को सुचारू रखने पर विशेष बल दिया. उन्होंने सांसदों से कहा कि, संसद की कार्यवाही निर्बाध रूप से चलनी चाहिए, क्योंकि यह लोकतंत्र का सबसे पवित्र मंदिर है.

इस मौके पर पीएम ने सदन की कार्यवाही में आ रही बाधा पर भी चिंता जताई और कहा कि हंगामे के कारण नए सांसदों को बोलने का मौका नहीं मिल पा रहा, जो उनके प्रति अन्याय है. उन्होंने बताया कि, संसद को सुचारू रूप से चलाने के लिए विपक्ष से भी चर्चा की गई है, लेकिन हंगामे के कारण न तो विपक्षी सदस्यों को और न ही सत्ता पक्ष के सदस्यों को बोलने का अवसर मिल पा रहा है.

इस संबंध में एक सांसद ने नाम ना लेने की शर्त पर कहा कि, यह बैठक क्षेत्रीय विकास को गति देने के साथ-साथ संसदीय गरिमा बनाए रखने की दिशा में भी पीएम से मिले गुरुमंत्र में आगे उनके लिए सहायक होगी. उन्होंने कहा कि एनडीए में पीएम ने ये सभी को भरोसा दिलाया कि चाहे एक सदस्यीय दल हो या बहुसदस्यीय, सबको समान भाव और सम्मान मिलेगा और ये गठबंधन के लिए जरूरी है.

ये भी पढ़ें : https://uttarakhandhighlights.com/haldwani-kharges-public-meeting-tomorrow-will-give-the-message-of-2027-elections-congress-president-yashpal-arya-took-stock-of-the-preparations/

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *