हरिद्वार: अपनी ही शादी की खुशी में लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग करना एक युवक को भारी पड़ गया। शादी समारोह में कथित तौर पर कई राउंड फायर करने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कनखल पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। जांच में फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार, निवासी टांडा मेहतौली, सुल्तानपुर, लक्सर के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, 26 जुलाई को लक्सर रोड स्थित एक वाटिका फार्म में योगेश कुमार की शादी की पार्टी आयोजित की गई थी। इसी दौरान उसने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से बिना अनुमति फायरिंग की। समारोह में मौजूद किसी व्यक्ति ने इसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
वीडियो सामने आने के बाद कनखल पुलिस ने इसकी जांच की। जांच के दौरान फायरिंग करने वाले युवक की पहचान योगेश कुमार के रूप में हुई। पुलिस का कहना है कि शादी समारोह में लाइसेंसी हथियार से बिना अनुमति गोली चलाने की पुष्टि होने के बाद उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
कनखल थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि वायरल वीडियो का पुलिस ने संज्ञान लिया था। जांच में युवक की पहचान होने और बिना अनुमति फायरिंग की पुष्टि के बाद कार्रवाई की गई है। मामले की जांच अभी जारी है।
पुलिस ने इस तरह की फायरिंग को हथियार संबंधी नियमों का उल्लंघन माना है। शादी और अन्य सार्वजनिक समारोहों में लाइसेंसी हथियार का इस तरह प्रदर्शन या फायरिंग करना कानूनी कार्रवाई का कारण बन सकता है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आयुध अधिनियम की धारा 30 के तहत कार्रवाई की है।
गनीमत रही कि फायरिंग के दौरान गोलियां आसमान की ओर चलाई गईं और कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ। हालांकि, शादी समारोह में हथियार से फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर डालना युवक के लिए परेशानी का सबब बन गया और पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई की।
