Bollywood News : गोविंदा-सुनीता के रिश्ते पर आया नया अपडेट, मैनेजर ने बताया क्यों पहुंचीं फैमिली कोर्ट

मुंबई: अभिनेता गोविंदा और उनकी पत्नी सुनीता आहूजा की निजी जिंदगी पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में है। दोनों के बीच कथित अनबन और सुनीता के सार्वजनिक बयानों के बाद उनके रिश्ते को लेकर कई तरह की चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में जब सुनीता अपने बेटे यशवर्धन के साथ बांद्रा फैमिली कोर्ट पहुंचीं तो एक बार फिर उनके तलाक की अटकलों ने जोर पकड़ लिया।

हालांकि, अब गोविंदा के मैनेजर शशि सिन्हा ने सुनीता के कोर्ट जाने की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। उनके मुताबिक, सुनीता ने गोविंदा के खिलाफ दायर तलाक की अर्जी वापस ले ली है। यानी फिलहाल दोनों के अलग होने की खबरों पर विराम लग गया है।

गोविंदा के मैनेजर ने बताई कोर्ट जाने की वजह

शशि सिन्हा के मुताबिक, सुनीता ने गोविंदा के खिलाफ दाखिल तलाक की अर्जी वापस ले ली है और अब दोनों के बीच अलगाव नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि दंपति की निजी जिंदगी लंबे समय से सार्वजनिक चर्चा का विषय बनी हुई है।

मैनेजर ने इसे घर लौटने और रिश्ते को संभालने से जुड़ा फैसला बताया। उनका कहना था कि जो कुछ हुआ, वह अच्छा नहीं था, लेकिन अब मामला सुलझने की दिशा में है। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि परिवार को आगे शांति मिलेगी।

सुनीता ने पैपराजी को दिया था मजेदार जवाब

सुनीता जब बेटे यशवर्धन के साथ बांद्रा फैमिली कोर्ट पहुंचीं तो पैपराजी ने उनसे वहां आने की वजह पूछी। इस पर उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “बर्थडे मनाने आई थी।”

सुनीता के इस जवाब के बाद लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई। सोशल मीडिया पर गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं। बाद में मैनेजर के बयान से कोर्ट जाने की वजह को लेकर तस्वीर काफी हद तक साफ हुई।

2024 में दाखिल की थी तलाक की अर्जी

गोविंदा और सुनीता आहूजा ने साल 1987 में शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं—बेटी टीना और बेटा यशवर्धन।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुनीता ने साल 2024 में कोर्ट में तलाक की अर्जी दाखिल की थी। इसके बाद दोनों के रिश्ते को लेकर लगातार खबरें सामने आती रहीं। सुनीता ने सार्वजनिक तौर पर गोविंदा के कथित अफेयर को लेकर भी कई बार अपनी नाराजगी जाहिर की।

गोविंदा की को-स्टार को लेकर भी दिया था बयान

हाल ही में सुनीता ने गोविंदा और उनकी आगामी फिल्म ‘रूपा’ की लीड एक्ट्रेस रानी स्वर्णकार को लेकर भी पपराजी के सामने टिप्पणी की थी। उन्होंने कथित तौर पर गोविंदा के साथ अभिनेत्री के घूमने पर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा था कि बेटी की उम्र की लड़की को लेकर साथ घूमना ठीक नहीं है।

इन बयानों के बाद एक बार फिर गोविंदा और सुनीता के रिश्ते को लेकर चर्चा तेज हो गई थी। हालांकि, अब मैनेजर शशि सिन्हा के बयान के बाद संकेत मिल रहे हैं कि दोनों ने अपने रिश्ते को खत्म करने के बजाय इसे संभालने का फैसला किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *