Bollywood News : इमरान हाशमी की नई फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ का ऐलान, 27 नवंबर को रिलीज होगी फिल्म

 ‘आवारापन 2’ की सफलता का आनंद ले रहे इमरान हाशमी अब अपने अगले बड़े प्रोजेक्ट की तैयारी में जुट गए हैं। अभिनेता एक बार फिर फिल्ममेकर आदित्य दत्त और संगीतकार हिमेश रेशमिया के साथ नजर आएंगे। तीनों की यह जोड़ी आगामी फिल्म ‘गनमास्टर जी9’ के लिए दो दशक से ज्यादा समय बाद साथ आ रही है।

निर्माताओं ने सोमवार को फिल्म की रिलीज डेट का ऐलान किया। ‘गनमास्टर जी9’ दुनियाभर के सिनेमाघरों में 27 नवंबर 2026 को रिलीज होगी। फिल्म में रोमांस और संगीत के साथ स्टाइलिश एक्शन का तड़का देखने को मिलेगा।

रिलीज डेट की घोषणा करते हुए इमरान हाशमी ने सोशल मीडिया पर फिल्म को लेकर उत्साह जाहिर किया। उन्होंने बताया कि ‘गनमास्टर जी9’ बड़े पर्दे पर धमाका करने के लिए तैयार है।

‘आशिक बनाया आपने’ की टीम फिर साथ

इमरान हाशमी, आदित्य दत्त और हिमेश रेशमिया इससे पहले वर्ष 2005 की फिल्म ‘आशिक बनाया आपने’ में साथ काम कर चुके हैं। फिल्म में हाशमी मुख्य भूमिका में थे, जबकि इसका निर्देशन आदित्य दत्त ने किया था। हिमेश रेशमिया के संगीत ने फिल्म को खास पहचान दिलाई थी।

खासकर फिल्म का टाइटल ट्रैक उस दौर में बेहद लोकप्रिय हुआ था और इमरान हाशमी की रोमांटिक स्टार वाली छवि को मजबूत करने में इसकी अहम भूमिका रही थी।

अब करीब 21 साल बाद यह तिकड़ी एक बिल्कुल अलग अंदाज की फिल्म के साथ लौट रही है। ‘गनमास्टर जी9’ में रोमांस और संगीत के साथ जबरदस्त एक्शन और स्टाइलिश विजुअल्स देखने को मिलने का दावा किया गया है।

आदित्य दत्त ने बताया चुनौतीपूर्ण प्रोजेक्ट

फिल्म के निर्देशक आदित्य दत्त ने इस प्रोजेक्ट को अपने करियर के चुनौतीपूर्ण कामों में से एक बताया है। उनका कहना है कि टीम की कोशिश हर एक्शन सीक्वेंस, भावना और फ्रेम को प्रभावशाली बनाने की है।

हाशमी और हिमेश रेशमिया के साथ दोबारा काम करने को उन्होंने बेहद खास अनुभव बताया। वहीं निर्माता दीपक मुकुट ने कहा कि तीनों कलाकारों को फिर से एक साथ लाना टीम की लंबे समय से इच्छा थी।

पहली बार साथ दिखेंगे इमरान और जेनेलिया

‘गनमास्टर जी9’ में इमरान हाशमी के साथ जेनेलिया देशमुख पहली बार स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी। फिल्म में अपारशक्ति खुराना भी महत्वपूर्ण भूमिका में हैं।

फिल्म का निर्माण दीपक मुकुट, संगीता अहीर और हुनर मुकुट ने किया है। इसे सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट प्रस्तुत कर रहा है। यह प्रोजेक्ट सोहम रॉकस्टार एंटरटेनमेंट और हिमेश रेशमिया के बीच एक और सहयोग है। इससे पहले दोनों ‘सनम तेरी कसम’ और ‘जीनियस’ जैसी फिल्मों के लिए साथ काम कर चुके हैं।

अब ‘आशिक बनाया आपने’ की मशहूर टीम के दो दशक बाद होने वाले इस रीयूनियन पर दर्शकों की नजरें टिकी हैं। फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *