नई दिल्ली : बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की वापसी को लेकर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
लंबे समय से भारत में रह रहीं शेख हसीना ने अब पहली बार अपने देश लौटने के लिए एक निश्चित तारीख का ऐलान किया है।
उनके प्रवक्ता के मुताबिक, शेख हसीना 16 दिसंबर 2026 को बांग्लादेश वापस जाना चाहती हैं। खास बात यह है
कि उन्होंने अपनी वापसी के लिए बांग्लादेश सरकार से सरकारी विमान भेजने की मांग भी की है।
शेख हसीना की इस घोषणा के बाद बांग्लादेश की राजनीति में नई बहस शुरू हो गई है।
हालांकि, बांग्लादेश सरकार ने उनके इस प्रस्ताव को स्वीकार करने के संकेत नहीं दिए हैं।
सरकार का कहना है कि उनकी वापसी सामान्य यात्रा के जरिए नहीं, बल्कि भारत से प्रत्यर्पण की प्रक्रिया के तहत ही हो सकती है।
16 दिसंबर को बांग्लादेश लौटने की तैयारी में शेख हसीना
शेख हसीना ने बांग्लादेश लौटने के लिए 16 दिसंबर की तारीख चुनी है। यह दिन बांग्लादेश के
इतिहास में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। दरअसल, 16 दिसंबर 1971 को पाकिस्तान की सेना ने
भारतीय सेना और मुक्ति वाहिनी के सामने आत्मसमर्पण किया था। इसी के साथ बांग्लादेश की
मुक्ति संग्राम का अंत हुआ और देश को स्वतंत्रता मिली। इस दिन को
बांग्लादेश में विजय दिवस यानी विक्ट्री डे के रूप में मनाया जाता है।
शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग ने भी सोशल मीडिया पर इस तारीख को लेकर पोस्ट साझा की है।
पार्टी की ओर से लिखा गया, “16 दिसंबर की तारीख पक्की है। बांग्लादेश तैयार रहे। जय बांग्ला।”
इस पोस्ट के बाद पूर्व प्रधानमंत्री की संभावित वापसी को लेकर राजनीतिक चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
सरकारी विमान से दिल्ली से ढाका जाना चाहती हैं हसीना
समाचार एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक, शेख हसीना के प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने मंगलवार
को उनकी वापसी की योजना के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शेख हसीना चाहती हैं
कि बांग्लादेश की सरकारी एयरलाइन बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस का विमान उन्हें लेने के लिए
दिल्ली आए और वापस ढाका लेकर जाए।
प्रवक्ता का तर्क है कि 5 अगस्त 2024 को जब शेख हसीना बांग्लादेशी विमान से भारत पहुंची थीं,
तो अब उनकी वापसी की व्यवस्था भी उसी तरह बांग्लादेश सरकार को करनी चाहिए।
उनका कहना है कि तत्कालीन परिस्थितियों में शेख हसीना को संविधान के खिलाफ देश से बाहर जाना पड़ा था।
ऐसे में उनकी सुरक्षित और सम्मानजनक वापसी सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।
बांग्लादेश सरकार का जवाब- प्रत्यर्पण के जरिए ही होगी वापसी
शेख हसीना की वापसी की घोषणा पर बांग्लादेश सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। सरकार की ओर से स्पष्ट किया गया है
कि वह उनकी ओर से सरकारी विमान भेजने के अनुरोध को स्वीकार करने के पक्ष में नहीं है।
विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने कहा कि शेख हसीना की बांग्लादेश वापसी केवल
भारत से प्रत्यर्पण की कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से ही संभव होगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया
कि देश लौटने पर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा और कड़ी निगरानी में रखा जाएगा।
सरकार की ओर से यह भी कहा गया है कि उनकी वापसी को लेकर कानूनी प्रक्रिया का पालन करना जरूरी होगा।
इस बयान से साफ है कि शेख हसीना की वापसी का रास्ता फिलहाल आसान नजर नहीं आ रहा है।
मौत की सजा सुनाए जाने के बाद भारत में रह रही हैं शेख हसीना
गौरतलब है कि अगस्त 2024 में बांग्लादेश में छात्र आंदोलन के बाद शेख हसीना को प्रधानमंत्री पद छोड़ना पड़ा था।
इसके बाद वह 5 अगस्त 2024 को भारत आ गई थीं और तभी से भारत में रह रही हैं।
उनके खिलाफ बांग्लादेश में मानवता के खिलाफ अपराध से जुड़े मामले में मुकदमा चला था।
पिछले साल नवंबर में वहां की अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने उनकी अनुपस्थिति में उन्हें मौत की सजा सुनाई थी।
शेख हसीना ने इन आरोपों को खारिज किया है।
बांग्लादेश सरकार पहले ही भारत से उनके प्रत्यर्पण की मांग कर चुकी है।
वहीं भारत की ओर से इस अनुरोध पर विचार किए जाने की बात कही गई थी।
16 दिसंबर की घोषणा से बढ़ सकती है राजनीतिक हलचल
शेख हसीना की वापसी की तारीख घोषित होने के बाद अब सबकी नजरें बांग्लादेश सरकार
और भारत के अगले कदम पर टिकी हैं। एक तरफ पूर्व प्रधानमंत्री विजय दिवस के अवसर पर अपने देश लौटना चाहती हैं
तो दूसरी तरफ बांग्लादेश सरकार प्रत्यर्पण और कानूनी कार्रवाई की बात कर रही है।
ऐसे में 16 दिसंबर की तारीख बांग्लादेश की राजनीति के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है।
हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि शेख हसीना की वापसी के लिए सरकार
विमान भेजेगी या नहीं और क्या भारत से प्रत्यर्पण को लेकर कोई नया फैसला होगा।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/24/haripur-kala-dehradun-firing-parking-dispute/
![]()