देहरादून चिड़ियाघर में आया सफेद बाघ तेजस, CM धामी ने किया लोकार्पण - Uttarakhand Highlights

देहरादून चिड़ियाघर में आया सफेद बाघ तेजस, CM धामी ने किया लोकार्पण

Rain Water Harvesting

देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून स्थित मालसी चिड़ियाघर में अब पर्यटक सफेद बाघ ‘तेजस’ का दीदार कर सकेंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को चिड़ियाघर पहुंचकर सफेद बाघ के लिए तैयार किए गए विशेष बाड़े का लोकार्पण किया।

इसके साथ ही ‘तेजस’ को आम पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित कर दिया गया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से देहरादून चिड़ियाघर की पहचान और मजबूत होगी।

इससे पर्यटकों को वन्यजीवों को करीब से देखने का एक नया अनुभव मिलेगा

और चिड़ियाघर में आने वाले लोगों की संख्या में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

हर साल 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं चिड़ियाघर

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन आकर्षणों में शामिल है।

यहां प्रतिवर्ष करीब 8.50 लाख पर्यटक घूमने पहुंचते हैं। चिड़ियाघर से सालाना सात करोड़ रुपये से अधिक

का राजस्व भी प्राप्त होता है। उन्होंने उम्मीद जताई कि सफेद बाघ ‘तेजस’ के आने से पर्यटकों का उत्साह

बढ़ेगा और पर्यटन गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में पहली बार इस तरह का सफेद बाघ लाया गया है। इससे पहले भी चिड़ियाघर

में बाघों की अन्य प्रजातियों को शामिल किया गया था, जिन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं।

कॉलेज के विद्यार्थियों को भी मिलेगी मुफ्त एंट्री

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को लेकर एक महत्वपूर्ण घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि

अब देहरादून चिड़ियाघर में कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी निःशुल्क प्रवेश दिया जाएगा।

मुख्यमंत्री के अनुसार, इससे पहले छोटे बच्चों के लिए मुफ्त भ्रमण की सुविधा शुरू की गई थी

जिसके सकारात्मक परिणाम देखने को मिले हैं। इसी पहल को आगे बढ़ाते हुए अब कॉलेज के विद्यार्थियों को भी यह अवसर मिलेगा।

इस व्यवस्था से युवाओं को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़े विषयों को प्रत्यक्ष

रूप से समझने में मदद मिलेगी। साथ ही उनमें प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और संरक्षण की भावना विकसित होगी।

पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन जरूरी: धामी

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक संसाधनों और जैव विविधता से समृद्ध होने के साथ-साथ पर्यावरणीय

दृष्टि से संवेदनशील राज्य भी है। यहां हर साल अलग-अलग प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है।

ऐसे में विकास योजनाओं को आगे बढ़ाते समय पर्यावरण का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की प्राथमिकता विकास और पर्यावरण संरक्षण के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करना है।

प्रदेश की वन संपदा, प्राकृतिक विरासत और जैव विविधता को सुरक्षित रखना केवल सरकार ही नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर जैसे संस्थान पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ बच्चों

और युवाओं को वन्यजीवों तथा प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र के प्रति जागरूक करने में भी अहम भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम में ये अधिकारी रहे मौजूद

सफेद बाघ ‘तेजस’ के बाड़े के लोकार्पण कार्यक्रम में वन मंत्री सुबोध उनियाल, वन विभाग के प्रमुख सचिव

आर.के. सुधांशु, प्रमुख वन संरक्षक (हॉफ) कपिल लाल समेत वन विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

सफेद बाघ ‘तेजस’ के आगमन और कॉलेज विद्यार्थियों के लिए मुफ्त प्रवेश की घोषणा से देहरादून चिड़ियाघर में पर्यटन के साथ-साथ पर्यावरण शिक्षा को भी नई दिशा मिलने की उम्मीद है।

 

ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/18/cm-dhami-17-75-crore-uttarakhand-development-projects/

Loading

One thought on “देहरादून चिड़ियाघर में आया सफेद बाघ तेजस, CM धामी ने किया लोकार्पण”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *