पौड़ी: पौड़ी गढ़वाल में चार वर्षीय बच्ची आरुषि की गुलदार के हमले में मौत के बाद शुरू हुआ विवाद
अब प्रशासनिक और राजनीतिक टकराव में बदलता नजर आ रहा है। घटना से नाराज ग्रामीणों और वन विभाग
के अधिकारियों के बीच हुए विवाद के बाद अब पुलिस ने कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ की शिकायत पर कांग्रेस नेता विनोद दनोशी
समेत कई लोगों के खिलाफ पौड़ी कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया है।
वन विभाग के कर्मचारियों ने किया कार्य बहिष्कार का ऐलान
वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ कथित दुर्व्यवहार और मारपीट के
विरोध में उत्तरांचल फॉरेस्ट मिनिस्ट्रियल संगठन पौड़ी ने गुरुवार को कार्य बहिष्कार की घोषणा की है।
संगठन के अध्यक्ष कपिल थपलियाल ने कहा कि डीएफओ
और अन्य विभागीय कर्मचारियों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह निंदनीय है।
उन्होंने कहा कि वन विभाग के कर्मचारी कठिन परिस्थितियों में भी अपनी जिम्मेदारियां निभाते हैं।
ऐसे में उनके साथ इस तरह की घटनाएं होने से कर्मचारियों का मनोबल प्रभावित होता है।
संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि 18 नवंबर तक उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं होती है
तो कर्मचारी पूर्ण कार्य बहिष्कार करने का निर्णय ले सकते हैं।
डीएफओ के साथ भी अभद्रता का आरोप
एसडीओ पौड़ी आयशा बिष्ट ने बताया कि बच्ची की मौत के बाद
गुस्साए ग्रामीणों ने पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर जाम लगा दिया था।
इस दौरान वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद थे
और अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे थे।
उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने विभागीय अधिकारियों
और कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया और उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया।
आयशा बिष्ट के अनुसार, जब डीएफओ ग्रामीणों से बातचीत करने के लिए मौके पर पहुंचे तो उनके साथ भी
कथित तौर पर मारपीट और दुर्व्यवहार किया गया। इस घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों में नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि वन विभाग की टीमें क्षेत्र में वन्यजीवों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही हैं और ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए काम कर रही हैं।
कांग्रेस नेता विनोद दनोशी समेत अन्य के खिलाफ FIR
पौड़ी के एसएसपी सर्वेश पंवार ने बताया कि गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ की ओर से कोतवाली पौड़ी में शिकायत दी गई थी।
शिकायत के आधार पर कांग्रेस नेता विनोद दनोशी समेत अन्य लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
कांग्रेस नेता बोले- जनता की आवाज उठाने पर दर्ज हुआ मुकदमा
वहीं, कांग्रेस नेता विनोद दनोशी ने अपने ऊपर लगे आरोपों को लेकर कहा कि वह क्षेत्र में लगातार बढ़ रहे वन्यजीवों के हमलों
और आम लोगों की सुरक्षा के मुद्दे को उठा रहे थे। उनका कहना है कि इसी वजह से उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में जनता की समस्याओं को सामने रखना और उनके अधिकारों के लिए आवाज उठाना हर नागरिक का अधिकार है।
उनके खिलाफ कितने भी मुकदमे दर्ज हो जाएं, लेकिन वह जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाना जारी रखेंगे।
फिलहाल पौड़ी में गुलदार के हमले के बाद शुरू हुआ विवाद लगातार गहराता जा रहा है। एक तरफ वन विभाग के कर्मचारी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस नेता वन्यजीवों के बढ़ते हमलों को लेकर जनता की सुरक्षा का मुद्दा उठा रहे हैं। पुलिस जांच के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
![]()