रुद्रपुर: ऊधम सिंह नगर के जिला मुख्यालय रुद्रपुर में बीजेपी की ओर से आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ
अराजकता हटाओ’ पदयात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए।
गांधी पार्क में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम धामी ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने राहुल गांधी, अखिलेश यादव और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर तीखे राजनीतिक हमले किए।
मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर देश में भ्रम फैलाने, सनातन संस्कृति का विरोध करने और सेना के शौर्य पर सवाल उठाने का आरोप लगाया।
‘900 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’, विपक्ष पर CM धामी का तंज
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा कि उसकी स्थिति ‘900 चूहे खाकर बिल्ली हज को चली’ जैसी हो गई है।
उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को संसद से बाहर का रास्ता दिखाया है
लेकिन विपक्ष अब मॉक संसद के जरिए अपनी राजनीतिक मंशा पूरी करने का प्रयास कर रहा है।
सीएम ने आरोप लगाया कि विपक्ष की राजनीति केवल विरोध और भ्रम फैलाने तक सीमित रह गई है।
उन्होंने कांग्रेस के पुराने शासनकाल पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि पार्टी को न्याय यात्रा के बजाय अपने कार्यकाल के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए।
दिल्ली रैली को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
सीएम धामी ने दिल्ली के रामलीला मैदान में आयोजित विपक्ष की रैली का जिक्र करते हुए
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी पर निशाना साधा।
उन्होंने आरोप लगाया कि रैली के कारण व्यापारियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा
और बाजारों व दुकानों को बंद कराया गया।
मुख्यमंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के कथन का उल्लेख करते हुए कहा
कि कांग्रेस सत्ता में रहते हुए जनता के लिए और सत्ता से बाहर रहने पर देश के लिए खतरा बन जाती है।
राहुल गांधी और सेना के मुद्दे पर भी घेरा
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार
अजीत डोभाल के खिलाफ कथित आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि भारतीय सेना में उत्तराखंड के युवाओं का महत्वपूर्ण योगदान है
और हर पांचवां जवान प्रदेश से आता है।
सीएम धामी ने सर्जिकल स्ट्राइक का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कांग्रेस के नेता कई बार सेना की कार्रवाई का सबूत मांगते हैं
और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर सवाल खड़े करते हैं।
उन्होंने कहा कि सेना के शौर्य पर सवाल उठाना सैनिकों और उनके परिवारों की भावनाओं को आहत करता है।
खटीमा और रामपुर तिराहा कांड को लेकर अखिलेश यादव पर हमला
जनसभा में मुख्यमंत्री ने उत्तराखंड राज्य आंदोलन के दौरान हुए खटीमा गोलीकांड
और रामपुर तिराहा कांड का भी जिक्र किया।
उन्होंने खटीमा गोलीकांड में सात लोगों की मौत और कई लोगों के घायल होने की बात कही।
वहीं, रामपुर तिराहा कांड का उल्लेख करते हुए उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के नेतृत्व वाली
समाजवादी पार्टी सरकार को जिम्मेदार ठहराया और अखिलेश यादव पर निशाना साधा।
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड के लोगों के लिए इस घटना के जख्म आज भी ताजा हैं।
उन्होंने अखिलेश यादव पर उत्तराखंड के लोगों को घुसपैठिया कहकर अपमानित करने का आरोप भी लगाया।
इसके अलावा मुख्यमंत्री ने मल्लिकार्जुन खड़गे पर हल्द्वानी की एक रैली में कथित तौर पर लगे नारों को लेकर चुप्पी साधने का आरोप लगाया।
‘मोहब्बत की दुकान अब घाटे में चल रही है’
मुख्यमंत्री धामी ने राहुल गांधी की ‘मोहब्बत की दुकान’ वाले बयान पर भी तंज कसा।
उन्होंने कहा कि अब उनकी मोहब्बत की दुकान घाटे में चली गई है और झूठ की दुकान भी जल्द बंद हो जाएगी।
उन्होंने विपक्ष पर झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा
कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकसित भारत के लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है।
सरकार का संकल्प भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है।
उत्तराखंड में विकास कार्यों का भी किया जिक्र
जनसभा के दौरान सीएम धामी ने प्रदेश में बीजेपी सरकार की उपलब्धियां भी गिनाईं।
उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर के एयरपोर्ट के रूप में विकसित करने की स्वीकृति मिल चुकी है।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि प्रदेश में एम्स की सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
ऊधम सिंह नगर के खुरपिया में इंडस्ट्रियल स्मार्ट सिटी का काम शुरू हो चुका है और जमरानी बांध परियोजना से जुड़ी बाधाएं भी दूर हुई हैं।
मुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं से आगामी चुनावों में भी पार्टी को मजबूत बनाने
और जनता के बीच सरकार के विकास कार्यों को पहुंचाने का आह्वान किया।
CM से मिलने पहुंचे युवक को पुलिस ने रोका, कुछ देर हुआ हंगामा
जनसभा के दौरान उस समय कुछ देर के लिए असहज स्थिति बन गई,
जब अपनी फरियाद लेकर एक युवक मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मिलने पहुंचा।
आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने युवक को मुख्यमंत्री तक पहुंचने से रोक दिया और उसे बाहर कर दिया।
इस घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामला सामने आने पर बीजेपी जिलाध्यक्ष मंच से नीचे उतरे और युवक के पास पहुंचकर उसकी समस्या सुनने का प्रयास किया।
गांधी पार्क से निकली ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा
जनसभा समाप्त होने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सांसद अजय भट्ट, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा और विधायक शिव अरोरा समेत पार्टी के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पदयात्रा में हिस्सा लिया।
यह पदयात्रा गांधी पार्क से शुरू होकर बाटा चौक, मेन बाजार, हरि मंदिर और काशीपुर बाईपास होते हुए अग्रसेन चौक पहुंची। इसके बाद यात्रा वापस गांधी पार्क पहुंचकर संपन्न हुई। इस दौरान बीजेपी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने पार्टी की नीतियों और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाया।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/11/03/mussoorie-parking-plan-42-sites-1500-vehicles/
![]()