हरिद्वार हादसा: ट्रेन से युवक की मौत, एयरफोर्स जवान ने गंवाई जान - Uttarakhand Highlights

हरिद्वार हादसा: ट्रेन से युवक की मौत, एयरफोर्स जवान ने गंवाई जान

Rain Water Harvesting

हरिद्वार: हरिद्वार में देर रात दो अलग-अलग हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

पहला हादसा नगर कोतवाली क्षेत्र की ब्रह्मपुरी कॉलोनी में हुआ, जहां रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान एक युवक ट्रेन की चपेट में आ गया।

उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरी घटना ऋषिकुल तिराहे के पास हाईवे पर हुई।

यहां सड़क किनारे खड़े दो यात्रियों को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।

हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है।

रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आया युवक

जानकारी के मुताबिक, एक युवक अपर बाजार रोड की तरफ से रेलवे लाइन पार कर ब्रह्मपुरी जाने की कोशिश कर रहा था।

इसी दौरान वह तेज गति से आ रही ट्रेन की चपेट में आ गया।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची

और शव को रेलवे ट्रैक से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।

युवक की मौत की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ब्रह्मपुरी के स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।

लोगों ने रेलवे ट्रैक के ऊपर फुट ओवरब्रिज बनाने की मांग को लेकर नाराजगी जताई।

लंबे समय से फुट ओवरब्रिज की मांग

स्थानीय लोगों का कहना है कि ब्रह्मपुरी क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पार करने के दौरान हमेशा दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

लोगों के मुताबिक, सुरक्षित आवागमन के लिए यहां लंबे समय से फुट ओवरब्रिज की मांग की जा रही है

लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया।

स्थानीय पार्षद सेठी ने बताया कि मृतक युवक ब्रह्मपुरी इलाके में किराए पर रहता था।

फिलहाल पुलिस उसकी पहचान की पुष्टि करने में जुटी है।

नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा ने बताया कि शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है

और मृतक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।

हाईवे पर बस का इंतजार कर रहे दो यात्रियों को वाहन ने मारी टक्कर

दूसरा हादसा देर रात ऋषिकुल तिराहे के पास हुआ।

पेट्रोल पंप के सामने हाईवे किनारे दिल्ली जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे दो यात्रियों को एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची

और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। इलाज के दौरान डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया।

मृतक की जेब से मिले आधार कार्ड के आधार पर उसकी पहचान 19 वर्षीय योगेश जादोन

निवासी जेवर, गौतम बुद्ध नगर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई।

मृतक भारतीय वायुसेना में था तैनात

पुलिस के अनुसार, योगेश जादोन भारतीय वायुसेना में कार्यरत थे और वर्तमान में ग्वालियर में तैनात थे।

हादसे में उनके साथी अमित को गंभीर चोटें आई हैं और अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।

दोनों दिल्ली जाने के लिए बस का इंतजार कर रहे थे।

इसी दौरान अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

कनखल कोतवाली में तैनात एसएसआई अनुज सिंह ने बताया

कि घायल व्यक्ति का उपचार अस्पताल में जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

बस चालक को पुलिस ने हिरासत में लिया

हादसे के बाद पुलिस ने एक बस चालक को हिरासत में लिया है। चालक की पहचान रोहित थापा

 निवासी कोटद्वार, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। पुलिस उससे पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

हरिद्वार में एक ही रात सामने आए इन दोनों हादसों ने रेलवे ट्रैक और हाईवे पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

ब्रह्मपुरी के स्थानीय लोग जहां सुरक्षित रेलवे क्रॉसिंग के लिए फुट ओवरब्रिज की मांग कर रहे हैं

वहीं हाईवे पर यात्रियों की सुरक्षा और वाहनों की तेज रफ्तार भी एक अहम चिंता बनी हुई है।

 

 

ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/10/06/sir-vivad-cm-dhami-gyanesh-kumar-uttarakhand/

Loading

One thought on “हरिद्वार हादसा: ट्रेन से युवक की मौत, एयरफोर्स जवान ने गंवाई जान”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *