हरिद्वार: ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक तेज रफ्तार बस के बेकाबू होने से बड़ा सड़क हादसा हो गया।
दुर्गा चौक के पास बस ने एक ऑटो समेत चार कारों को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जमा हो गए।
हादसा इतना गंभीर था कि ऑटो चालक का हाथ बुरी तरह जख्मी होकर शरीर से अलग हो गया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे जौलीग्रांट स्थित हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बस की चपेट में आने से सड़क पर मौजूद एक कुत्ते की भी मौत हो गई।
दुर्गा चौक के पास अनियंत्रित हुई बस
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब साढ़े छह बजे एक निजी बस दुर्गा चौक की तरफ से गुजर रही थी।
बताया जा रहा है कि बस में फैक्ट्री कर्मचारियों को लेने के लिए चालक जा रहा था।
इसी दौरान दुर्गा चौक के पास अचानक बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा।
बस ने सबसे पहले सड़क पर चल रहे एक ऑटो को टक्कर मारी।
टक्कर के बाद भी बस नहीं रुकी और आगे सड़क किनारे खड़ी कारों को अपनी चपेट में लेती चली गई।
कुछ ही दूरी में बस ने चार कारों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
इस तरह हादसे में कुल पांच वाहन इसकी चपेट में आए।
टक्कर की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके की ओर दौड़े और पुलिस को घटना की सूचना दी।
ऑटो चालक गंभीर रूप से घायल
हादसे में ऑटो चालक त्रिलोक सिंह गुसाईं गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
वह सुभाष नगर, ज्वालापुर के रहने वाले बताए गए हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बस और ऑटो के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में त्रिलोक सिंह का हाथ गंभीर रूप से कट गया।
हादसे के बाद वह सड़क पर घायल अवस्था में पड़े थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल भिजवाया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति गंभीर देखते हुए
डॉक्टरों ने उन्हें जौलीग्रांट हायर सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल उनका उपचार जारी है।
सड़क पर मौजूद कुत्ते की भी मौत
बस की चपेट में आने से एक कुत्ते की भी मौत हो गई। दुर्घटना के बाद सड़क पर क्षतिग्रस्त वाहन
और मलबा फैल गया, जिसके कारण कुछ समय के लिए यातायात व्यवस्था प्रभावित रही।
हादसा एक निजी अस्पताल के बाहर हुआ था। दुर्घटना के वक्त अस्पताल के बाहर मरीजों
और उनके तीमारदारों की भीड़ नहीं थी। ऐसे में एक बड़ी जनहानि टल गई। स्थानीय लोगों का कहना है
कि अगर उस समय अस्पताल के बाहर ज्यादा लोग मौजूद होते तो हादसा और गंभीर हो सकता था।
पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लिया
घटना की जानकारी मिलते ही ज्वालापुर पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल निजी बस को कब्जे में ले लिया है।
वहीं, बस चालक को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
बस चालक की पहचान विपिन कुमार सैनी के रूप में हुई है।
वह मूल रूप से सहारनपुर का निवासी बताया गया है
और वर्तमान में सीतापुर, ज्वालापुर में रह रहा है।
पुलिस ने मौके का निरीक्षण करने के साथ क्षतिग्रस्त वाहनों की जानकारी भी जुटाई है।
दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।
हादसे की वजह जानने में जुटी पुलिस
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी चंद्रभान सिंह अधिकारी ने बताया कि हादसे में घायल ऑटो चालक को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने बस चालक को मौके से हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधिकारी के अनुसार, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और बस चालक से वाहन का नियंत्रण कैसे छूटा
इसकी जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
वहीं, हादसे में क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के बाद यातायात व्यवस्था को सामान्य किया गया।
ये भी पढ़े : https://uttarakhandhighlights.com/2026/10/05/harish-rawat-activity-uttarakhand-congress/
![]()